November 28, 2026

Blog

The City Report News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार 26 नवंबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुधली, बालोद में भारती कुलदीप, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें बचपन से ही संविधान के प्रति सम्मान, कानून के प्रति जागरूकता और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की समझ विकसित करनी चाहिए।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं…

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिकता एवं जिम्मेदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने तथा एक आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि भारतीय संविधान देश की शासन व्यवस्था का आधार होने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं स्वतंत्रता का संरक्षक है।

संविधान में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांत समाज में आपसी सद्भाव और समान अवसर सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका के महत्व से परिचित कराते हुए उसके मूल आदर्शों को अपने व्यवहार एवं दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में संवैधानिक चेतना विकसित करना तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

साथ ही भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया गया। इस अवसर पर कु. कुसुमांजलि सिन्हा, प्रथम अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, कु. अंजुम आरा, द्वितीय अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त विद्यालय परिवार एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।

===