समूचे भारत से इकलौते कार्टूनिस्ट के तौर पर शामिल किए गए राव के कार्टून, सम्मानित भी किया…

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
भिलाई स्टील प्लांट के पूर्व सीनियर मैनेजर और जाने-माने कार्टूनिस्ट बी.वी. पांडुरंग राव के बनाए कार्टून को चीन के तिर्ज़ा टोफू आर्ट म्यूज़ियम में इंटरनेशनल इनविटेशनल एग्जिबिशन (अंतर्राष्ट्रीय आमंत्रण प्रदर्शनी) में प्रदर्शित किया गया। राव को इस प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रदर्शनी में उनके कार्टून और उनकी शानदार उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही आयोजकों की ओर से स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।


82 वर्षीय पांडुरंग राव इसे अपने लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान मानते हैं। उन्होंने बताया कि दुनिया भर के 25 देशों के 37 प्रमुख कार्टूनिस्टों के बीच भारत से वे इकलौते कार्टूनिस्ट थे जिन्हें इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। यहां कुल मिलाकर 64 कार्टून प्रदर्शित किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि भिलाई स्टील प्लांट में सेवा के दौरान शुरुआती दिनों में राव के कार्टून बीएसपी के प्रकाशनों और दैनिक समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित होते थे। वहीं बीएसपी से रिटायर होने के बाद भी उन्होंने अपना जुनून बनाए रखा और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों के साथ नई ऊंचाइयां हासिल कीं।
1996 से अब तक उन्होंने 350 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय कार्टून प्रतियोगिताओं में भाग लिया है और कई पुरस्कार जीते हैं। इन दिनों बेंगलुरु में निवासरत राव को उनके काम को 50 से अधिक देशों में प्रदर्शनियों और संग्रहालयों के लिए चुना गया है। उनके नाम 14 लिम्का बुक रिकॉर्ड, 15 इंडिया बुक रिकॉर्ड और 14 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं।

हाल ही में, कार्टूनिंग और पर्यावरण जागरूकता में उनके योगदान के लिए उन्हें नई दिल्ली स्थित ‘वर्ल्ड कल्चर एंड एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन कमीशन’ द्वारा मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया। वे अपनी सभी उपलब्धियों का श्रेय भिलाई स्टील प्लांट और भिलाई के लोगों को देते हैं, जिन्होंने उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया।
===
