जीपीएम जिले में 47 हजार 19 आवास पूर्ण, हजारों परिवारों को मिला सुरक्षित आशियाना

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
हर गरीब परिवार का अपना पक्का घर हो, इसी संकल्प के साथ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।






शासन की इन महत्वाकांक्षी योजनाओं से ग्रामीण अंचलों में जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। कच्चे एवं असुरक्षित मकानों में रहने वाले परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन से भी जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा आवास का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले में विभिन्न वित्तीय वर्षों में कुल 56 हजार 455 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 47 हजार 19 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2016-18 के अंतर्गत स्वीकृत 10 हजार 797 आवासों में से 10 हजार 650 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
इसी तरह वित्तीय वर्ष 2019-23 के अंतर्गत स्वीकृत 16 हजार 811 आवासों में से 15 हजार 234 आवास पूर्ण हुए हैं। इन दोनों अवधियों में कुल 25 हजार 884 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2024-26 के अंतर्गत जिले में 28 हजार 847 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना से भी मिल रहा पक्के मकान का सहारा
इनमें से 28 हजार 26 हितग्राहियों को प्रथम किस्त, 24 हजार 165 को द्वितीय किस्त तथा 17 हजार 144 हितग्राहियों को तृतीय किस्त की राशि जारी की गई है। इस अवधि में अब तक 21 हजार 115 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष आवासों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले में 423 आवास स्वीकृत हैं। इनमें सभी 423 हितग्राहियों को प्रथम किस्त, 298 को द्वितीय किस्त, 249 को तृतीय किस्त तथा 235 हितग्राहियों को चतुर्थ किस्त की राशि प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत अब तक 249 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। शेष आवासों को पूर्ण कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
पीएम जनमन योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में आ रहा बदलाव
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
गौरेला विकासखंड में योजना के अंतर्गत 1080 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 886 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इस योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को पक्के मकान की सुविधा मिलने के साथ उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
आवास निर्माण में तेजी लाने जिला प्रशासन प्रतिबद्ध
कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में आवास योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवास निर्माण की विभिन्न अवस्थाओं, किस्तों के भुगतान तथा अपूर्ण आवासों की स्थिति की नियमित समीक्षा कर निर्माण कार्यों को गति देने पर जोर दिया जा रहा है।
हितग्राहियों के आधार सत्यापन, बैंक खाते एवं तकनीकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
ए.बी. काशी, सहायक संचालक,जनसंपर्क विभाग
प्रधानमंत्री आवास योजना केवल पक्के मकान के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का आधार भी बन रही है।
पक्की छत मिलने से परिवारों को मौसम की मार से राहत मिलती है, वहीं बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने तथा परिवार को सुरक्षित जीवनयापन का अवसर मिलता है।
शासन की आवास योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। जिले में आवास निर्माण की यह प्रगति अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
===
