अपराधिक घटनाओं के विरोध में सभी जिला मुख्यालयों में भाजयुमों फूंकेगी पुतला- सवन्नी

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग

छत्तीसगढ़ के दामाखेड़ा कबीरआश्रम, बलौदा बाजार,सूरजपुर, लोहारीडीह व केशकाल में सामने आए आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है।
इसे लेकर दुर्ग के जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने मीडिया से रुबरु होकर प्रदेश में अशांति व अराजकता के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया है।
प्रदेश के तेजी से सर्वांगीण विकास से कांग्रेस विचलित…
उन्होने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की हम पच्चीसवीं वर्षगांठ मना रहे है। राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ने अल्प समय के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभी गारंटियों को पूर्ण किया है।
जिससे प्रदेश तेजी से सर्वांगीण विकास की ओर आगे बढ़ा है, लेकिन कांग्रेस इससे विचलित होकर प्रदेश में अशांति व अराजकता फैलाने की कुचेष्ठा कर रही है। जिसके प्रदेश के कई जिलों में सामने आई अपराधिक घटनाएं बड़े उदाहरण है।
भाजपा की प्रदेश सरकार शांति व्यवस्था बनाने कटिबद्ध…
श्री सवन्नी ने इन सभी घटनाओं की निंदा करते हुए कड़े शब्दों में कहा है कि कांग्रेस के इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ कतई सहन नहीं करेगा। भाजपा की प्रदेश सरकार शांति व्यवस्था बनाने कटिबद्ध है।
इन अपराधिक घटनाओं के खिलाफ जल्द ही भाजयुमों प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में पुतला जलाकर आक्रोश जताएगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान श्री सवन्नी के साथ दुर्ग जिला भाजपा प्रभारी राजीव अग्रवाल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ईश्वर साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, प्रदेश मंत्री उषा टावरी, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र पाध्ये, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया मौजूद थे।
प्रदेश में जहा भी अपराध और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही उसकी जड़ में कांग्रेस नजर आ रही…
चर्चा में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि प्रदेश में जहा भी अपराध और तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, उसकी जड़ में कांग्रेस नजर आ रही है।
कांग्रेस जानबूझकर छत्तीसगढ़ को आग में झोंकना चाहती है। इसलिए पहले खुद अपराध को अंजाम देती है। षड़यंत्र रचती है। फिर उसे लेकर राज्य सरकार को घेरने का प्रयास करती है।
प्रकाशमुनि साहेब ने अपने फेसबुक पोस्ट पर किया उल्लेख…
यह कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर तय हुई साजिश के तहत किया जा रहा है। श्री सवन्नी ने बताया कि दामाखेड़ा में कबीरपंथ ही नहीं समूचे प्रदेश के आस्था के केन्द्र में हमला करने वाला भी कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्त्ता निकला है। इसका प्रमाण स्वयं प्रकाशमुनि साहेब के फेसबुक के पोस्ट से उजागर हुआ है।
प्रकाशमुनि साहेब ने अपने फेसबुक पोस्ट में इस बात का उल्लेख किया है कि इस घटना में भी अपराधी सरपंच पति कांग्रेस पार्टी का ही कार्यकर्त्ता है।
श्री सवन्नी ने कहा है कि बलौदा बाजार में योजनाबद्ध तरीके से कलेक्टर और एसपी कार्यालय जलाये गये। इस प्रकरण में कांग्रेस के विधायक देवेन्द्र यादव के साथ- साथ सैकड़ों कांग्रेसी जेल में बंद है।
इसी तरह सूरजपुर में पुलिस अधिकारी की पत्नी और बच्चे की जघन्य हत्या में भी एनएसयूआई के जिला महासचिव एवं जिलाध्यक्ष का नाम सामने आया है। लोहारीडीह कांड में भी बार-बार गांव में अशांति फैलाने और दो समूहों को लड़वाने का काम कांग्रेस कर रही है।
यदि उन्हे पता है कि दोषी और निर्दोष कौन है तो बता दे पुलिस को या पुलिस को जांच करने दे। इसके अलावा केशकाल में युवा कांग्रेस का ब्लॉक उपाध्यक्ष 500 रुपये के लाखों नकली नोट के साथ पुलिस के गिरफ्त में है। कांग्रेस के नेता और उनसे संबंधित अधिकारियों पर कोयला घोटाला, शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, महादेव घोटाला आदि के आरोप सामने आए है।
—
