धमधा के 119 पंचायत अंतर्गत 308 मतदान केन्द्रों के लिए आज मतदान दल हुए रवाना…

The City Report News@Durg
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिले के धमधा विकासखण्ड में तृतीय चरण का मतदान रविवार 23 फरवरी को संपन्न होगा जिसको लेकर पूरी तैयारी कर मतदान दलों को रवाना किया गया।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के दिशा-निर्देशन में दुर्ग जिले में तृतीय चरण के अंतर्गत 23 फरवरी को संपन्न होने वाले मतदान एवं मतगणना कार्य को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।



शासकीय महाविद्यालय धमधा से मतदान दलों को किया गया सामग्री वितरण…
मतदान एवं मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समुचित रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने के अलावा मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

इसके लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय सेे सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनातगी की गई है। रविवार 23 फरवरी को होने वाले तृतीय चरण के मतदान के लिए मतदान अधिकारियों को आज सुबह सामग्री वितरण केन्द्र शासकीय महाविद्यालय धमधा से हरी झण्डी दिखाकर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
मतदान के तहत मतों की गणना मतदान समाप्ति के पश्चात् संबंधित मतदान केन्द्रों में ही की जाएगी…

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तृतीय चरण के अंतर्गत 23 फरवरी को संपन्न होने वाले मतदान के तहत मतों की गणना मतदान समाप्ति के पश्चात् संबंधित मतदान केन्द्रों में ही की जाएगी।

धमधा विकासखण्ड में रविवार 23 फरवरी को संपन्न होने वाले मतदान हेतु कुल 308 मतदान केन्द्र बनाए गए है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन सभी मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान संपन्न किया जाएगा।

मतदान समाप्ति के पश्चात् पीठासीन अधिकारी के मार्गदर्शन में मतदान अधिकारियों के द्वारा मतगणना की जाएगी। तृतीय चरण में पंच-सरपंच के अलावा 25 जनपद पंचायत सदस्य और 4 जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव संपन्न होगा।

आज विकासखंड मुख्यालय धमधा से मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण कर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।


त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत एडीएम श्री अरविन्द एक्का, जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे व उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह ने मतदान दल वाहन को हरी झंडी दिखाकर मतदान केन्द्र के लिए रवाना किया।
===
