संरक्षा विभाग दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यह आयोजन किया गया…

The City Report News@दुर्ग/रायपुर/बिलासपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं संरक्षित ट्रेन संचालन को बढ़ावा देने हेतु आज एक संरक्षा जागरूकता वेबिनार का आयोजन किया गया ।
इस वेबिनार का उद्देश्य समपार फाटकों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और संरक्षा उपायों की जानकारी प्रसारित कर जागरूकता बढ़ाना था ।
इस वेबिनार का आयोजन संरक्षा विभाग द्वारा किया गया, जिसमें समपार फाटकों पर संरक्षा से संबंधित नियमों, उपकरणों एवं कानूनी प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई ।
विशेष रूप से रेलवे अधिनियम, 1989 के अंतर्गत समपार फाटकों पर संरक्षा नियमों के उल्लंघन और उससे संबंधित दंडात्मक प्रावधानों
पर प्रकाश डाला गया ।
वेबिनार के दौरान लेवल क्रॉसिंग गेट्स की निरीक्षण प्रक्रिया, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में गेट संचालन से संबंधित विषयों पर उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (सिग्नल एवं टेलीकॉम) द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई ।
साथ ही, समपार फाटकों पर उपयोग किए जा रहे संरक्षा उपकरणों जैसे बैरियर, सिग्नल एवं चेतावनी प्रणाली के बारे में भी जानकारी साझा की गई ।
कार्यक्रम में एक रोचक ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिला ।
इस वेबिनार में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में वर्चुअल रूप से शामिल हुए । साथ ही, जोनल मुख्यालय, बिलासपुर से प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी सहित संरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संरक्षा सलाहकारगण भी उपस्थित रहे ।
===
