दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना अंतर्गत हितग्राहियों की शासकीय राशि फर्जी बैंक खातों में हस्तांतरित कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही की गई…

The City Report News@Durg/Bhilai
संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 17.05.2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमधा द्वारा थाना धमधा में तथा दिनांक 19.05.2026 को जनपद पंचायत पाटन से थाना पाटन में लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
प्रतिवेदन में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली शासकीय प्रोत्साहन राशि अन्य बैंक खातों में हस्तांतरित होने की शिकायत प्राप्त होना बताया गया।
आरोपियों द्वारा जनपद पंचायत स्तर पर प्राप्त लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड का दुरुपयोग कर हितग्राहियों के बैंक खातों के स्थान पर अन्य बैंक खातों का विवरण दर्ज किया गया था…
प्राप्त शिकायतों एवं दस्तावेजों के परीक्षण पर थाना धमधा क्षेत्र में कुल 44 हितग्राहियों की राशि लगभग 4,50,000 रुपये तथा थाना पाटन क्षेत्र में कुल 63 हितग्राहियों की राशि लगभग 12,60,000 रुपये अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित होना पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धमधा में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 318(4) बीएनएस एवं थाना पाटन में अपराध क्रमांक 176/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी जांच, बैंक दस्तावेजों एवं ऑनलाइन पोर्टल के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही की गई…
विवेचना के दौरान बैंक दस्तावेज, तकनीकी साक्ष्य एवं ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी का विश्लेषण किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा योजना संबंधी खातों में सुधार हेतु प्राप्त लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड का दुरुपयोग करते हुए
हितग्राहियों के वास्तविक बैंक खातों के स्थान पर अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों का विवरण दर्ज किया गया था, जिससे शासकीय राशि उनके खातों में हस्तांतरित होती रही।
थाना धमधा एवं थाना पाटन क्षेत्र में कुल 107 हितग्राहियों की लगभग 17 लाख 10 हजार रुपये से अधिक की राशि फर्जी तरीके से अन्य खातों में हस्तांतरित होना जांच में पाया गया…
आरोपियों द्वारा प्राप्त राशि को एटीएम एवं मोबाइल बैंकिंग माध्यमों से संचालित किया जा रहा था। शिकायत एवं जांच प्रारंभ होने की जानकारी मिलने पर कुछ राशि पुनः वापस जमा कर दी गई थी।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं बैंक दस्तावेज जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
▪️ घटना का कारण :
शासकीय योजना से संबंधित ऑनलाइन सिस्टम एवं लॉगिन एक्सेस का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने की नियत से आरोपियों द्वारा धोखाधड़ी की गई।
▪️ अपराध करने का तरीका :
आरोपियों को शासकीय योजना अंतर्गत हितग्राहियों के बैंक खातों में सुधार हेतु लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध था। आरोपियों द्वारा इसी अधिकृत एक्सेस का दुरुपयोग करते हुए ऑनलाइन पोर्टल में हितग्राहियों के वास्तविक बैंक खातों के स्थान पर अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों का विवरण दर्ज किया गया।
इसके बाद शासकीय योजना की राशि संबंधित खातों में हस्तांतरित होने लगी। आरोपियों द्वारा मोबाइल बैंकिंग एवं एटीएम माध्यम से राशि का संचालन किया जा रहा था।
▪️ घटनास्थल :
जनपद पंचायत धमधा, जनपद पंचायत पाटन एवं एक्सिस बैंक शाखा गंजपारा, दुर्ग।
▪️ आरोपी का विवरण : 1. दीपक कुमार यादव, निवासी जिला दुर्ग। 2. लिलेश्वर यादव उर्फ रवि, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अकोला वार्ड क्रमांक 06 उड़िया बस्ती थाना कुम्हारी जिला दुर्ग।
▪️ जप्त सामग्री : 1. मोबाइल फोन। 2. एटीएम कार्ड। 3. बैंक पासबुक एवं बैंक संबंधी दस्तावेज।
▪️ सराहनीय भूमिका :
थाना धमधा एवं थाना पाटन पुलिस टीम द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित दस्तावेजी जांच, तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जानकारी का परीक्षण एवं ऑनलाइन पोर्टल की जांच कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आमजन एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े कर्मचारियों से अपील करती है कि किसी भी शासकीय पोर्टल की लॉगिन आईडी, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी अथवा ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
===
