नाली, सड़क और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को मौके पर ही दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत महापौर अलका बाघमार ने आज वार्ड क्रमांक 59 हरिनगर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयुक्त सुमित अग्रवाल, लोककर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, स्थानीय पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार एवं निगम अधिकारियों के साथ वार्ड के मुख्य मार्गों सहित विभिन्न गलियों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।


महापौर ने हरिनगर शिव मंदिर रोड, हैरिटेज स्कूल क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर सड़क, नाली एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने नाली निर्माण, सड़क व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक नालियों का निर्माण नहीं हुआ है, वहां आवश्यकता अनुसार प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
अतिक्रमण एवं सड़क बाधित करने वाले निर्माण सामग्री पर कार्रवाई के निर्देश…

महापौर ने नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण नालियों की नियमित सफाई में बाधा उत्पन्न होती है, जिससे जलभराव एवं स्वच्छता संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे रखे बिल्डिंग मटेरियल एवं रेत के कारण आवागमन बाधित पाए जाने पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी, नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जहां नालियां नहीं हैं वहां प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें: महापौर अलका बाघमार

महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम प्रशासन लगातार वार्डों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहा है, ताकि मौके पर ही समस्याओं का चिन्हांकन कर उनका समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, उप अभियंता सिद्धार्थ साहू,जिला भाजपा प्रवक्ता अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार,मनमोहन शर्मा सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्ड नागरिक उपस्थित रहे।
===
