“कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, नई शिक्षा नीति से मिलेगा उज्ज्वल भविष्य”

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम पुरई में आज शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर किया गया।



विधायक चंद्राकर ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और नए शैक्षणिक सत्र के लिए सभी बच्चों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कक्षा 6 से 12वीं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नवनिर्वाचित छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यार्थी जीवन ही भविष्य की मजबूत नींव है- ललित चंद्राकर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “विद्यार्थी जीवन ही भविष्य की मजबूत नींव है। मेरा आप सभी बच्चों से आग्रह है कि अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करें। अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का नाम रोशन करें। आपका ज्ञान, संस्कार और परिश्रम ही आपको जीवन में सफलता के शिखर तक पहुंचाएगा।”
आगे उन्होंने कहा “हमारी सरकार और नई शिक्षा नीति का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और उसमें अच्छे संस्कार विकसित हों। नई शिक्षा नीति में कौशल विकास, खेल और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि बच्चे सिर्फ डिग्री नहीं बल्कि जीवन जीने की कला भी सीखें।”
विधायक चंद्राकर ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा “जीवन में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए संघर्ष से घबराना नहीं है। असफलता से सीखकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। आप सभी अपने सपनों को पंख दें और देश का नाम रोशन करें।”

उन्होंने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि “वे बच्चों में केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं बल्कि नैतिक मूल्य, देशभक्ति और मानवीय संस्कार भी विकसित करें। एक अच्छा शिक्षक ही अच्छे नागरिक का निर्माण करता है। अभिभावकों से अपील है कि वे बच्चों की पढ़ाई में रुचि लें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।”
इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, मंडल महामंत्री एवं नवनियुक्त एल्डरमेन चंदू देवांगन, ग्राम सरपंच डोमार साहू, सांसद प्रतिनिधि छबीलाल साहू, विधायक प्रतिनिधि प्रशांत सिंह, मिलाऊं राम ओझा, पंच ममता देवांगन, पंच सतरूपा साहू, प्राचार्य डॉ. कृष्णा अग्रवाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
===
