समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ने की पहल- विधायक ललित चंद्राकर

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा मोर्चा द्वारा आज झाडूराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग में “छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026” का आयोजन किया गया।



इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज के बेटा-बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और करियर के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर किस प्रकार आते हैं, तैयारी कैसे की जाती है और सफलता के लिए क्या रणनीति अपनानी चाहिए। इसके पश्चात प्रतियोगियों की परीक्षा भी संपन्न कराई गई, जिसमें समाज के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर जी अखिल भारतीय कुर्मी महासभा की अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर, कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख, गिरीश हरमुख, कुबेर देशमुख, विद्यालय के प्राचार्य रामकुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के समय में प्रतियोगी परीक्षाएं ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी हैं। कुर्मी समाज द्वारा इस तरह की प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय है। इससे हमारे समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को एक मंच मिलेगा और वे प्रशासनिक एवं अन्य सेवाओं में अपना नाम रोशन करेंगे। मैं युवा मोर्चा की इस पहल की सराहना करता हूं और आश्वस्त करता हूं कि समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।” सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “पहली बार हमें प्रतियोगी परीक्षा का पैटर्न समझने और खुद को जांचने का अवसर मिला। इस तरह के आयोजन से हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है और अब हम UPSC, PSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए और अधिक प्रेरित हुए हैं।
===
