
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
दुर्ग। एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) में उप पुलिस अधीक्षक एवं नक्सल ऑपरेशन प्रभारी के पद पर पदस्थ महंत कुमार सिंह को उनके अदम्य साहस, वीरता, निर्भीकता और बहादुरी के लिए राष्ट्रपति जी के वीरता पदक से सम्मानित किए जाने का चयन किया गया है। यह पदक 26 जनवरी 2027 को प्रदान किया जाएगा।


इससे पूर्व वर्ष 2024 में श्री महंत को डीजी सीआरपीएफ द्वारा डिस्क पदक तथा केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा दक्षता पदक से अलंकृत किया जा चुका है।

श्री महंत ने अपनी लगभग पूरी सेवा नक्सल प्रभावित सम्पूर्ण बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में दी है। उन्होंने अनेक नक्सल ऑपरेशनों का बड़ी बहादुरी और कुशलता के साथ नेतृत्व किया, जो सफल रहे।
श्री महंत, सेवा-निवृत्त उप पुलिस अधीक्षक रवि प्रताप सिंह के दामाद हैं। श्री रवि प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक एवं विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। वे छत्तीसगढ़ पुलिस के योग्य एवं काबिल अधिकारियों में गिने जाते हैं। महंत कुमार सिंह की यह उपलब्धि नक्सलवाद के विरुद्ध निरंतर संघर्षरत सुरक्षा बलों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
===
