त्योहारी सीजन से पहले पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने महापौर अलका बाघमार ने दिए सख्त निर्देश…
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति को लेकर लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार ने आज 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन,रंजीता पाटिल, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, राजेन्द्र ढबाले एवं विनोद मांझी के साथ फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान महापौर ने फिल्टर प्लांट में आई खराबी तथा उससे प्रभावित हो रही पेयजल व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों से लगातार पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में आई तकनीकी खराबी को तत्काल दुरुस्त कर पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



पुराने मोटर पंपों की जगह लगेंगे नए मोटर पंप, प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश…

उन्होंने अधिकारियों को पुराने मोटर पंपों की स्थिति का परीक्षण कर उनकी जगह नए मोटर पंप लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यक सुधार कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए।
===

