हाउसकीपिंग स्टाफ के स्वास्थ्य की जांच के साथ सुरक्षित कार्यप्रणाली एवं संक्रमण से बचाव की दी गई जानकारी…

TheCityReport News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg/Raipur
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्यों से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 22 सितम्बर 2026 को सब-डिविजनल हॉस्पिटल, भिलाई मार्शलिंग यार्ड (BMY), भिलाई में हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए स्वास्थ्य जांच एवं “बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित प्रबंधन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।



हाउसकीपिंग स्टाफ रेलवे परिसरों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने कार्य के दौरान उन्हें धूल, कचरे, गंदगी एवं विभिन्न प्रकार के संक्रमण के संभावित जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जांच के दौरान हाइपरटेंशन (HTN) के 2 पुराने एवं 1 नए मामले तथा डायबिटीज (DM) का 1 पुराना मामला पाया गया…

कार्यक्रम के दौरान हाउसकीपिंग स्टाफ का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें ऊंचाई एवं वजन, रक्तचाप, नाड़ी की गति, रैंडम ब्लड शुगर तथा सामान्य शारीरिक जांच शामिल रही। इस स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम से कुल 16 कर्मचारी लाभान्वित हुए। जांच के दौरान हाइपरटेंशन (HTN) के 2 पुराने एवं 1 नए मामले तथा डायबिटीज (DM) का 1 पुराना मामला पाया गया।
इसी अवसर पर “बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित प्रबंधन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जेड. येरिस्वामी नाइक, एडीएमओ bhilai के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान श्रीमती पूनम तिर्की, नर्सिंग सुपरवाइजर भिलाई द्वारा हाउसकीपिंग स्टाफ को बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण एवं परिवहन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कुल 23 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
धारदार वस्तुओं (Sharps) को कभी भी नंगे हाथों से नहीं उठाना चाहिए…
जागरूकता कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि कचरे का उत्पत्ति स्थल पर ही उचित पृथक्करण किया जाए। धारदार वस्तुओं (Sharps) को कभी भी नंगे हाथों से नहीं उठाना चाहिए तथा उन्हें पंक्चर-प्रूफ एवं लीकेज-प्रूफ कंटेनर में ही रखा जाना चाहिए। कचरा रखने वाले कंटेनरों को निर्धारित क्षमता से अधिक नहीं भरना चाहिए तथा हाउसकीपिंग स्टाफ को कचरे से भरे बैग को हाथ से दबाकर कॉम्प्रेस करने से बचना चाहिए।
इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट को निर्धारित कंटेनर अथवा ट्रॉली के माध्यम से ही सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वच्छता एवं संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत आयोजित यह पहल स्वच्छता कार्यों से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रायपुर रेल मंडल द्वारा स्वच्छ एवं सुरक्षित रेलवे परिसर के साथ-साथ स्वच्छता कार्यों में संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
===
