
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
स्वच्छ और सुंदर भिलाई के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला सफाई कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब द्वारा आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में निगम क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई कर्मियों को साड़ी का वितरण कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सफाई कर्मियों को साड़ी भेंट कर उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। विशेष रूप से महिला सफाई कर्मी प्रतिदिन सुबह से ही अपने कार्यक्षेत्र में पहुंचकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई में जुट जाती हैं और स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में अपना योगदान देती हैं।





लायंस क्लब की ओर से कहा गया कि स्वच्छता कर्मियों का कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे कर्मठ एवं समर्पित कर्मचारियों का सम्मान समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है। महिला सफाई कर्मियों को साड़ी भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना इसी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
नगर पालिक निगम भिलाई प्रशासन ने भी महिला सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अथक परिश्रम से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती है। सम्मान समारोह से महिला सफाई कर्मियों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा तथा उन्होंने भी स्वच्छता कार्यों को और बेहतर ढंग से करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यए नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
===
