
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai_Durg/Raipur/बेमेतरा
बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट के जिला सभा कक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर द्वारा दोनों विभागों के मैदानी अमले के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।






बैठक में कलेक्टर ने जिले में चिन्हित गर्भवती महिलाओं की स्थिति और उन्हें मिल रही एएनसी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गर्भवती महिला की 4 ANC जांच शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक जांच का डाक्यूमेंटेड फॉलो-अप अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही 0 से 5 वर्ष के बच्चों में कुपोषण की स्थिति, अतिगंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या और उन्हें दी जा रही पोषण पुनर्वास सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी…
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि किसी भी बच्चे या गर्भवती महिला को योजनाओं के लाभ से वंचित न किया जाए। लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शिक्षा विभाग से समन्वय कर सभी अनिमिक बच्चों की स्क्रीनिंग और चिन्हांकित बच्चों का तत्काल उपचार हेतु रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाने, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत सुविधाओं को बेहतर करने, मोतियाबिंद ऑपरेशन जिला चिकित्सालय में सुनिश्चित करने तथा स्मार्ट कार्ड और वय वंदन कार्ड के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत मोटिवेशन और एनएसवी गतिविधियों पर फोकस करने को भी कहा गया। कलेक्टर ने हेड टू वार्ड सर्वे के दौरान मितानिनों और एएनएम द्वारा घर-घर जाकर बीमारियों की जानकारी एकत्र करने और उसका रिकॉर्ड संधारित करने पर जोर दिया। उन्होंने एसडीएम की उपस्थिति में विकासखण्ड स्तरीय संयुक्त बैठक लेकर कमियों को दूर करने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सीडीपीओ, बीपीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
===
