
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai_Durg
छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के तत्वावधान में और दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन की मेजबानी में आज शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को दुर्ग में ‘छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन में कर प्रणाली, विशेषकर जीएसटी (GST) में तकनीकी प्रगति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।






इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में GSTAT (जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण) प्रिंसिपल बेंच, नई दिल्ली के माननीय अध्यक्ष, डॉ.जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के माननीय विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव और माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।

इसके अतिरिक्त, GSTAT रायपुर बेंच के तकनीकी सदस्य सतीश कुमार अग्रवाल जी और वरिष्ठ अधिवक्ता एम.सी. जैन भी बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे।
इस अवसर पर समिट के दौरान सभी माननीय मंत्रियों और सम्मानित अतिथियों ने उपस्थित कर सलाहकारों और अधिवक्ताओं को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने समय के साथ जीएसटी (GST) सुविधाओं में हुए निरंतर विकास, तकनीकी प्रगति और कर प्रणाली के सरलीकरण की दिशा में हो रही प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव…

छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक सारस्वत जी ने मंच से कर प्रशासन और शिक्षा के लिए कई दूरदर्शी सुझाव प्रस्तुत किए, जिनका सभी अतिथियों ने खुले मन से स्वागत किया और उन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
बार रूम और ‘संवाद’ कार्यक्रम…
माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी को अधिवक्ताओं के लिए ‘बार रूम’ की स्थापना तथा करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए ‘संवाद’ (एडवाइजरी मीट) आयोजित करने का सुझाव दिया गया।
एआई चैटबॉट (AI Chat Bot)…
GSTAT के माननीय अध्यक्ष डॉ. जस्टिस संजय कुमार मिश्रा को GSTAT की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक उन्नत ‘एआई चैटबॉट’ सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया गया।
जीएसटी और एआई पाठ्यक्रम…
माननीय विधि मंत्री गजेंद्र यादव को एलएलबी (LLB) पाठ्यक्रम में ‘जीएसटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)’ के एक विस्तृत और व्यापक विषय को शामिल करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया गया।
वही इन सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए, माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी ने आयोजक काउंसिल द्वारा की गई ‘बार रूम’ (BAR Room) की मांग को मंच से ही सहर्ष स्वीकार कर लिया और इसके लिए अपनी आधिकारिक पुष्टि प्रदान की। इस घोषणा का उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। कार्यक्रम का कुशल संचालन एस. सी.लेखवानी द्वारा किया गया। वही दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा और प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
अतिथियों के उद्बोधन और सम्मान समारोह के पश्चात एक विशेष तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें हैदराबाद से पधारे मुख्य वक्ता सीए विजय श्रीनिवास कोठापल्ली (CA Vijay Srinivas Kothapalli) ने नवीनतम कर प्रावधानों और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया जी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
===
