गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर स्टेशन रोड गुरुद्वारा पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, मत्था टेककर लिये गुरु साहिब का आशीर्वाद…

The City Report News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर दुर्ग के स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा में केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव पहुंचे और उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर श्रीगुरु नानक देव जी के समक्ष अरदास की तथा गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किये। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी के जीवन में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता बनी रहने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन और उनके विचार संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज को सत्य, ईमानदारी, समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचारों ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों को दूर कर मानवता एवं समानता पर आधारित समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किये।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उनके विचार किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी दुनिया को प्रेम, सद्भाव और एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। आज के समय में जब समाज को आपसी विश्वास, सामाजिक समरसता और भाईचारे की आवश्यकता है, तब गुरु साहिब की शिक्षाएँ और भी अधिक प्रासंगिक हो जाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमें गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की सहायता, समाज के वंचित वर्गों की सेवा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में अपनाकर ही हम एक ऐसे समाज का निर्माण कर सकते हैं, जहां हर व्यक्ति को समान सम्मान, अवसर और अपनत्व प्राप्त हो।
===
