हादसे में मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार व फिर 15 लाख का दिया गया चेक….

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. जिले के रसमडा स्थित रायपुर स्टील प्लांट में रविवार को एक बड़ा धमाका हो गया। जिसमें क्रेन ऑपरेटर खेमलाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई।वही टेवेन्द्र कुमार साहू ग्राम बोरई पोटिया, जहां पचास प्रतिशत से अधिक झुलस गये है, जबकि सदानंद सिंह ममता नगर राजनांदगांव निवासी का पैर फैक्चर हो गया। इस हादसे में झुलसे टेवेन्द्र कुमार साहू का उपचार जहां सेक्टर 9 हॉस्पिटल के बर्न यूनिट में चल रहा है। जबकि सदानंद का उपचार आरोग्यम हॉस्पिटल में चल रहा है। टेवेन्द्र की देख रेख के लिए कंपनी की ओर से दो लोगों की डयूटी लगाई गई है, जबकि आरोग्यम में भर्ती मजदूर सदानंद को देखने तक कंपनी का कोई भी व्यक्ति नही पहुंचा है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने घायलों के इलाज के लिए उनके परिजनों को 15 लाख रूपये का चेक दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की तरह ही शनिवार देर रात 12 बजे भी कंपनी के अंदर लोहे को पिघलाने का काम चल रहा था जहां 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भट्टी में ब्लास्ट हो गया। इससे वहां क्रेन ऑपरेट करने वाले मजदूर खेमलाल साहू की गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर अंजोरा और दुर्ग पुलिस पहुंच गई है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही ब्लास्ट के कारणों का पता चल पाएगा।
मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार व फिर 15 लाख का दिया गया चेक- संदीप गर्ग
मजदूरों के परिजनों ने बताया कि इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी प्रबंधन का एक भी जिम्मेदार आदमी मौके पर नहीं पहुंचा है। जबकि इस मामले को लेकर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर संदीप गर्ग का कहना है कि कंपनी घायलों और मृतक परिवार के साथ है। देर रात घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन मौके पर पहुंचा था।
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल…

झुलसे मजदूर टेवेंद्र कुमार साहू के पिता मुरलीधर साहू का कहना है कि उनका बेटा रायपुर स्टील प्लांट रसमड़ा में काम करता था। उन्होंने बताया कि उनके पास रविवार सुबह 7 बजे के करीब फोन आया कि उनके बेटे को सेक्टर 9 हॉस्पिटल लेकर गए हैं। वो झुलस गया है। जाने पर पता चला कि वो 50 प्रतिशत झुलस गया है। मुरलीधर ने रोते हुए कहा कि उसके बेटे के बीबी बच्चे हैं।हमें कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ हमारा बेटा बच जाए।
श्रमकानूनों की खुलेआम उड़ाई जा रही है धज्जियां-मिश्रा
श्रमिक नेता एचएस मिश्रा घायलों से मिलने स्वयं सेक्टर 9 हॉस्पिटल एवं आरोग्मय हॉस्पिटल मिलने पहुंचे। घायल मरीजों और परिजनों से बात किये।उनसे पूरे घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। घायल कर्मचारियों ने बताया कि घटना के समय कोई जिम्मेदार सुपरवाईर या अन्य कोई जिम्मेदार अधिकारी वहीं नही थे। यहां 12 घंटे काम लिया जाता है, छुट़टी नही दी जाती है। काम का बहुत दबाव है। मृतक खेमलाल साहू के निधन पर मिश्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों को ढांढस बंधाया है। मृतक रसमडा क्षेत्र का ही निवासी बताया जाता है।
