बैठक में गुपचुप तरीके से एक नाम विशेष पर सहमति बनाने का दावेदारों ने लगाया आरोप….

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस खेमे में टिकट के दावेदारों की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण पर है। इसे लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग की बुधवार को स्थानीय सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कुछ खास चुनिंदा कांग्रेसियों को ही आमंत्रित किया गया था। यह खबर दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट के दावेदारों तक पहुंची।
जिससे दावेदारों ने भी फौरन सर्किट हाउस में दस्तक दी। दावेदारों के पहुंचने से बैठक में मौजूद कुछ खास चुनिंदा कांग्रेसी सन्न रह गए। इस दौरान टिकट के दावेदारों ने बैठक में आमंत्रित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई, लेकिन बैठक में मौजूद कांग्रेसियों द्वारा गोलमोल जवाब देकर दावेदारों को संतुष्ट करने का प्रयास किया गया।
बैठक में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज टिकट के दावेदारों ने इस बैठक को विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज से शिकायत की गई है।

दावेदार ऋषभ जैन(बाबू), संजय धनकर के अलावा अन्य दावेदारों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र में कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों की सूची तैयार करने जिला कांग्रेस कमेटी को 26 अगस्त से 29 अगस्त के बीच बैठक आयोजित करने निर्देशित किया गया था, लेकिन दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गया पटेल द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर अवकाश के दिन आनन-फानन में बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक की कांग्रेस कमेटी के अधिकांश पदाधिकारियों को सूचना नही दी गई और न ही टिकट के दावेदारों को सूचना देना उचित समझा गया। दावेदारों ने बैठक को अवैधानिक बताते हुए कहा है कि बैठक में एक दावेदार के नाम पर सहमति बनाने का प्रयास किया गया है। जिससे शहर जिला कांग्रेस कमेटी की यह बैठक संदेह के दायरे में आ गई है। दावेदारों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज से मामले में कार्यवाही कर टिकट के दावेदारों के साथ न्याय करने की मांग की है।
