मोदी के आगमन पर कार्यक्रम स्थल के इर्दगिर्द तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 2 हजार पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की लगाई गई ड्युटी…

Thecityreportnews@दुर्ग. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 4 नवंबर को करीब 11.25 बजे दुर्ग आएंगे। वे यहां स्थानीय पंडित रविशंकर स्टेडियम में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह विशेष हेलीकॉप्टर से जयंती स्टेडियम भिलाई के हैलीपेड में उतरेंगे। तत्पश्चात वे जयंती स्टेडियम से रोड शो करते हुए दुर्ग पहुंचेंगे और पंडित रविशंकर स्टेडियम में आयोजित चुनावी सभा में शामिल होंगे। मोदी की सभा में 13 विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के अलावा कार्यकर्ता हजारों की संख्या में शामिल होंगे।

भाजपा ने मोदी की सभा में करीब 1 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है। दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी, दुर्ग जिला भाजपा प्रभारी राजीव अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, दुर्ग शहर विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक प्रीतम साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार,भाजपा नेता कांतिलाल बोथरा, विनायक नातू, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया के अलावा अन्य नेता सभा की तैयारी में जुटे हुए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

सभा स्थल पंडित रविशंकर स्टेडियम को विशेष सुरक्षा टीम एनएसजी और एसपीजी ने अपने सुरक्षा में ले लिया है। सभा स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में करीब 2 हजार पुलिस अधिकारियों व जवानों की ड्युटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिहाज से आसपास की दुकानें भी बंद करवा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर भीड़भाड़ के मद्देनजर दुर्ग पुलिस द्वारा पार्किग प्लान एवं रूट के संबंध में एडवाइज़री जारी की गई है। जिसके मुताबिक रविशंकर स्टेडियम में मंच पर बैठने वाले तथा प्रधानमंत्री के मंच के पास आगमन तथा प्रस्थान पर स्वागत करने वाले पासधारी अतिथियों के वाहनो की पार्किंग के लिए सुराना कालेज में व्यवस्था की गई है।
हेलीपेड जयंती स्टेडियम भिलाई से कार्यक्रम स्थल रविशंकर स्टेडियम दुर्ग तक वीवीआईपी रुट में सड़क में किसी भी प्रकार के दुकान एवं ठेले लगाने को प्रतिबंधित किया गया है। कार्यक्रम में आने वाले वाहनो के लिए अलग-अलग दिशाओ में पार्किग चिन्हाकिंत किया गया है। कार्यक्रम स्थल में किसी भी प्रकार की सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक कार्य से जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करेंगे। दुर्ग शहर में भारी वाहनो का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।कार्यक्रम स्थल पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रहेगा। जिला पुलिस ने वाहनों के लिए पार्किंग प्लान भी तैयार किए है। जिसके मुताबिक राजनांदगांव एवं बालोद से आने वाले वाहन पुलगांव चौक-पोटिया चौक-महाराजा चौक-सोनी फर्नीचर के सामने-मिनी स्टेडियम पद्मनाभपुर, हॉकी मैदान सिविल लाईन में पार्किग कर पैदल कार्यक्रम स्थल पहुचेंगे। पाटन एवं उतई से आने वाले वाहन एमडी चौक-जेल तिराहा-पुलिस लाईन एवं गर्ल्स कॉलेज में पार्किग कर पैदल कार्यक्रम स्थल पहुचेंगे।

नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहन वायशेप ब्रिज-सांईस कॉलेज-मालवीय नगर चौक-अजजा/अजा बालक छात्रावास-खालसा पब्लिक स्कूल में पार्किग कर पैदल कार्यक्रम स्थल आएंगे। धमधा की ओर से आने वाले वाहन ग्रीन चौक-रेल्वे स्टेशन-मालवीय नगर-पॉलिटेक्निक कॉलेज में पार्किग कर पैदल कार्यक्रम स्थल पहुचेंगे। पटेल चौक की ओर से आने वाले वाहन उतई तिराहा-डीओ ऑफिस कन्या स्कूल, में पार्किंग कर पैदल कार्यक्रम स्थल आएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए हेलीपैड जयंती स्टेडियम भिलाई आने वाले व्यक्ति अपने वाहन डीपीएस चौक से पेट्रोल पम्प के पीछे से फुटबाल ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे।
कार्यक्रम स्थल में सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कुछ सामग्रियों को प्रतिबंधित भी किया है।
जिसके अनुसार विस्फोटक सामग्री-फटाका, बारूद, बन्दूक अन्य विस्फोटक पदार्थ,ज्वलशील सामग्री-पेट्रोल, डीजल, मिट्टी तेल, एल्कोहल, माचिस, जेल, सिगरेट, बीडी, खाद्य सामग्री-पानी बोतल, गुटखा, तम्बाकू किसी प्रकार की खाने के वस्तुए, धारदार वस्तुए-चाकू, छूरी, ब्लेड, कैची, रेजर किसी भी प्रकार का खिलौनेे वाला सामान एवं अन्य प्रतिबंधित सामानों को कार्यक्रम स्थल ले जाना प्रतिबंध रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से लोगों को असुविधा न हो इसलिए जिला पुलिस द्वारा उनके आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए है। पुलिस ने वाहन चालको से अपील है कि इस दिन व्हीव्हीआईपी मार्ग में हॉस्पिटल, स्कूल, ऑफिस एवं आवश्यक कार्य से जाने वाले वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें। ग्लोब चौक से सेक्टर 9, 32 बंगला की ओर जाने वाले वाहन चालक गैरेज रोड, फारेस्ट एवन्यू मार्ग का प्रयोग करें। वायसेप से पटेल चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक मालवीय नगर चौक से जेल रोड महाराजा चौक मार्ग का प्रयोग करें।
