संत कबीर दास जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनका संदेश प्रेम, सद्भावना, और मानवता के प्रति सम्मान का है…

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग
संत कबीर दास जी की 626वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा ने दुर्ग शहर में कबीर दास जी की स्मृति में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।
सबसे पहले श्री वोरा जवाहर नगर के कबीर आश्रम में आयोजित 626वें श्री सदगुरू कबीर साहेब प्राकट्य दिवस समारोह में शामिल हुए और संत कबीर दास जी को शत-शत नमन किया। उसके पश्चात वे समृद्धि बाजार, शीतला तलाब जेल रोड में समस्त कबीर पंथ समाज दुर्ग संभाग द्वारा आयोजित सात्विक चौका आरती एवं संत समागम में भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके बाद वे आदित्य नगर, दुर्ग के कुशाभाऊ ठाकरे भवन में आयोजित श्री सद्गुरु कबीर साहेब प्राकट्य दिवस समारोह में भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने संत कबीर दास जी के जीवन और उनके संदेशों के बारे में अपने विचार साझा करते हुए कहा, “संत कबीर दास जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनका संदेश प्रेम, सद्भावना, और मानवता के प्रति सम्मान का है। हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में शांति और एकता को बढ़ावा देना चाहिए। संत कबीर जी ने हमें सिखाया कि सच्चा धर्म वह है जो मानवता की सेवा करता है और हमें अपने भीतर झांकने की प्रेरणा देता है।
श्री वोरा ने सभी से अनुरोध किया कि वे संत कबीर दास जी के आदर्शों को अपनाएं और समाज में भाईचारा और सद्भावना को मजबूत बनाएं।
