दुर्ग पुलिस मामले की जांच कर ट्रक कर्नाटक पासिंग की होने पर उसके मालिक से फोन पर चर्चा की जा रही…
द सिटी रिपोर्ट न्यूज़@दुर्ग

रायपुर से नागपुर हाईवे रोड पर मोहन नगर थाना अंतर्गत फ्लाई ओवर के ऊपर से अचानक ट्रक पलट गया। ट्रक के नीचे गिरने से ट्रक चला रहे चालक की ट्रक के अंदर दबाकर घटना स्थल पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के जरिए ट्रक के भीतर से चालक के शव को बाहर निकाला और ट्रक को भी सीधा खडा करवाया। इस दौरान फ्लाईओवर पर वाहनों का जाम लग गया जिसे पुलिस ने किसी तरह यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया।

जानकारी के मुताबिक रायपुर से होकर नागपुर की ओर मंगलवार की दोपहर लगभग 3:30 बजे कर्नाटक पासिंग की स्टील रोल से लदी ट्रक जा रही थी। मोहन नगर थाना अंतर्गत फ्लाई ओवर पर चढ़ने के दौरान ऊपर से अचानक ट्रक पलट गई।

इससे ट्रक चालक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई वही घटना के बाद आसपास में जाम की स्थिति हो गई। वही मौके पर पहुंची थाना पुलिस एवं यातायात विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।

इस मामले में एडिशनल एसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि 16 चक्का ट्रक क्रमांक एच ए 16 डी 4739 रायपुर से स्टील रोल एवं अन्य सामान लोड कर नागपुर होते तेलंगाना की ओर जा रही थी।
संभावना व्यक्त की जा रही है कि…चालक को झपकी आ गई होगी…
ट्रक को चालक करनन सुपैय्या 55 वर्ष निवासी तेलंगाना चला रहा था। संभावना व्यक्त की जा रही है कि धमधा नाका फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान चालक को झपकी आ गई होगी उसी से यह घटना घटित हुई है। घटना के दौरान ट्रक में हेल्पर नहीं था।
सतीश ठाकुर ने बताया कि ट्रक गिरने के दौरान चालक ने किसी तरह से बाहर निकलने का प्रयास नहीं किया इससे लग रहा है कि उसे झपकी आ गई होगी और ट्रक का अनियंत्रित हो गई।
कर्नाटक पासिंग की ट्रक होने पर उसके मालिक से फोन पर चर्चा की जा रही है और दुर्ग पुलिस मामले की जांच कर रही है।
===
