वार्ड 21 से भाजपा की विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित, प्रत्याशी के नाम वापस लेने से कांग्रेस को लगा झटका…
The City Report News@Durg
दुर्ग नगर निगम चुनाव में मतदान से पहले ही भाजपा की जीत का खाता खुल गया है। यहां वार्ड क्रमांक 21 से भाजपा की पार्षद प्रत्याशी विद्यावती सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। भाजपा को यह सुखद परिणाम कांग्रेस प्रत्याशी मीरा सिंह के नाम वापसी से मिला है। इसके साथ ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।


निर्विरोध नवनिर्वाचित पार्षद विद्यावती सिंह निवृतमान पार्षद अरुण सिंह की माताजी हैं। नवनिर्वाचित पार्षद विद्यावती सिंह के अलावा उनके पुत्र निवृत्तमान पार्षद अरुण सिंह को बधाईयों का तांता लगा हुआ है। निर्वाचन पर उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व भाजपा की महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार ने बधाई दी है।

बता दें कि दुर्ग नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए आज उस वक्त हास्यास्पद स्थिति निर्मित हो गई जब वार्ड क्रमांक 21 से कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीरा सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसके साथ ही भाजपा की विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गई। महिला आरक्षित इस वार्ड से भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा अन्य किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया था।

नाम वापसी के दिन कांग्रेस प्रत्याशी के अप्रत्याशित कदम से पार्टी के बड़े नेता आश्चर्यचकित रह गए। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी द्वारा चुनाव मैदान से अपना नाम वापस लेने से कांग्रेस के टिकट वितरण पर भी बड़े सवाल खड़ा हो रहे हैं। जिससे कांग्रेस के एक खेमा में आक्रोश का माहौल है।
===
