सरकार के निगम-मंडलों में नियुक्तियों के बाद असंतोष भी खुलकर सामने आ गया राज्य केश शिल्पी विकास निगम के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने पद लेने से मना कर दिया है…

The City Report News@Durg/Raipur
छत्तीसगढ़ में आखिरकार लंबे अर्से बाद राज्य सरकार ने निगम, मंडल, बोर्ड और आयोग में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की सूची जारी कर दी है।
जारी लिस्ट के मुताबिक भूपेंद सवन्नी को क्रेडा, वर्णिका शर्मा को राज्य बाल संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।
राजा पाण्डेय को छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम, राम सेवक पैकरा को राज्य वन विकास निगम, संजय श्रीवास्तव को नान, राजीव अग्रवाल सीएसआईडीसी का अध्यक्ष बनाया गया है।
देखिये लिस्ट में किसे कौन सी जिम्मेदारी मिली…

मोना सेन को छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष और गौरी शंकर श्रीवास को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सूची जारी होने के बाद गौरी शंकर श्रीवास ने पद स्वीकार करने से इंकार क दिया है। सूत्रों के मुताबिक मोना सेन को अध्यक्ष बनाए जाने और उन्हें उपाध्यक्ष बनाए जाने से वे नाराज हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा, “पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है कि जिसे उठाने में मेरे कंधे असमर्थ है! इसलिए मुझे पद स्वीकार नहीं! मैं संगठन के कार्यकर्ता के रूप में ही ठीक हूं।
आपको बता दे कि श्रीवास भूपेश सरकार के खिलाफ पांच साल काफी मुखर रहे हैं। उनके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक प्रकरण भी दर्ज हुए। ऐसे उन्हें बेहतर निगम मंडल में दायित्व मिलने की चर्चा थी। मगर उन्हें उपाध्यक्ष का पद दिया गया,जिसे उन्होंने प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं माना है।
उनके करीबी सूत्र बताते हैं कि श्रीवास ने संगठन को पहले ही बता दिया था कि अगर उन्हें कोई उपयुक्त पद नहीं मिलता है, वो स्वीकार नहीं करेंगे।
===
