Thecityreportnews@दुर्ग. पक्षकारों को त्वरित,सरल और सुगम न्याय दिलाने शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें वादी व परिवादियों ने उत्साह के साथ शामिल होकर आपसी राजीनामा से अपने प्रकरणों का निपटारा किया। लंबित प्रकरणों के निपटारा होने से वादी-परिवादियों के चेहरे खिल उठे। राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में कई प्रकरण आए। फलस्वरुप आयोग के कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित कार्यालय में वादी-परिवादियों की भीड़ जुटी रही। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष योगेशचंद्रगुप्त और सदस्य नीलू ठाकुर ने वादी-परिवादियों के पक्ष को सुना और प्रकरण आपसी राजीनामा से निराकरण किया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में हॉउसिंग बोर्ड,सहारा इंडिया,बीमा बैंक,मोटर व्हीकल एक्ट,स्वास्थ्य बीमा व अन्य प्रकार के प्रकरण आपसी राजीनामा से निराकरण के लिए आए थे। जिनका निराकरण किया गया। इसके अलावा जिला न्यायालय में अन्य कोर्ट में भी प्रकरणों का आपसी राजीनामा से निराकरण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रकरणों के वादी,परिवादी व उनके अधिवक्ताओं के शामिल होने से जिला न्यायालय में दिनभर भीड़-भाड़ का माहौल रहा।
