
The City Report News@Durg/Bhilai
नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आज जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित वृद्धाश्रम स्थल और प्रस्तावित सड़क का जायजा लेते हुए उपस्थित अभियंताओं को जनहित में आवश्यक और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निगम आयुक्त ने वैशाली नगर थाना के पीछे ‘हमर क्लीनिक’ के समीप वृद्धाश्रम के लिए प्रस्तावित स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन यापन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम स्थल के समीप रोड का तत्काल सीमांकन कराया जाए, वैशाली नगर थाना के बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कुरूद सुन्दर विहार के पास कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की मूलभूत सुविधा विशेषकर सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए सड़क निर्माण के कार्य हेतु प्रस्ताव तैयार किया जाए ।

इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान आयुक्त के साथ मुख्य रूप से येशा लहरे जोन आयुक्त अरविंद शर्मा कार्यपालन अभियंता, अर्पित बंजारे सहायक अभियंता, श्वेता वर्मा उप अभियंता, प्रशन्न तिवारी सहायक राजस्व अधिकारी, शंकर सहानी जोन स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सुपरवाइजर एवं अन्य उपस्थित रहे।
===
