आयोजन समिति की बैठक में बनी रणनीति, अनुराग बसु, सोनू सूद, नाना पाटेकर और जैकी श्रॉफ जैसे सहृदय कलाकारों को आमंत्रित करने का सुझाव…

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Durg-Bhilai
भिलाई की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय पटल पर नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘रंग तरंग-2026 (फंड रेजिंग-पार्ट-2)’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से 26 से 30 अगस्त तक होने वाले इस अखिल भारतीय नाट्य, नृत्य एवं संगीत महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें आयोजन को यादगार बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।


बैठक वरिष्ठ साहित्यकार एवं कंटेंट राइटर नरेंद्र राठौर के निवास पर आयोजित हुई। आयोजन समिति ने तय किया कि यह महोत्सव भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना के बाद विभिन्न समाजों के दिवंगत कलाकारों, साहित्यकारों एवं सांस्कृतिक पुरोधाओं की स्मृति को समर्पित होगा। उनके योगदान का सम्मान करते हुए परिजनों को भी समारोह से जोड़ा जाएगा।
आयोजन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए फिल्म एवं कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों अनुराग बसु, सोनू सूद, नाना पाटेकर और जैकी श्रॉफ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का सुझाव दिया…

बैठक में आयोजन की रूपरेखा, देशभर से अधिकाधिक प्रतिभागियों की सहभागिता, प्रचार-प्रसार, मंचीय व्यवस्थाओं, अतिथि सत्कार और प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने आयोजन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए फिल्म एवं कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों अनुराग बसु, सोनू सूद, नाना पाटेकर और जैकी श्रॉफ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का सुझाव दिया। इस संबंध में समन्वय की जिम्मेदारी सुमिता बसु पाटिल को सौंपी गई।
आयोजन रवींद्र निकेतन कालीबाड़ी, हुडको, गीता आर्ट्स, एक्ट एंड नृत्य एसोसिएशन (गाना), दिवंगत कलाकारों के परिजनों एवं विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इसकी परिकल्पना एवं संचालन कला-साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ (कवच) कर रही है।
महोत्सव के अंतर्गत अखिल भारतीय स्तर पर नाट्य, नृत्य, गायन, वादन एवं नाट्य लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रतियोगिता, दिवंगत फिल्मी गायकों की स्मृति में गायन समारोह, नृत्य-नाटिका, नाटक, सांगीतिक प्रस्तुतियां तथा कला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में शक्ति चक्रवर्ती, बबलू बिस्वास, नरेंद्र राठौर, मणिमय मुखर्जी, दीपांकर दास, रिम्पी नैय्यर, सुमिता बसु पाटिल, जीत कुंवर राठौड़, शांतनु दासगुप्ता और राजकुमार नैय्यर सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पूर्व बैठकों में जुड़े सदस्यों तथा बाहर से दूरभाष के माध्यम से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी आयोजन को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
समिति ने विश्वास जताया कि सभी संस्थाओं, कलाकारों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक संगठनों के सामूहिक प्रयास से ‘रंग तरंग-2026’ भिलाई की बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत का ऐसा महोत्सव बनेगा, जिसकी पहचान पूरे देश में होगी।
===
