
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Durg-Bhilai
नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध अतिक्रमण और कब्जों के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए नेहरू नगर क्षेत्र में चार अलग-अलग अवैध प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया।


नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार सभी जोन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण, कब्जे और बिना अनुमति किए गए निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जोन-1 क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित हाईटेक हॉस्पिटल के समीप मॉडल टाउन में अवैध रूप से प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल बनाकर दुकानें संचालित किए जाने की शिकायत निगम को मिली थी।

वार्ड प्रभारी की जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने के बाद निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया। राजस्व विभाग, बेदखली दस्ता और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से चारों अवैध प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल को हटाकर कब्जा मुक्त कराया।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, बिना अनुमति निर्माण और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
===
