
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Durg-Bhilai
नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी परिचय दिया है। शुक्रवार को निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रभावित 7 परिवारों को लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से अस्थायी आवास आबंटित किए गए, ताकि स्थायी आवास बनने तक उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर के आदेश के पालन में निगम ने अवैध कब्जों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की थी। जिस भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, उसी स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण कार्य पूर्ण होने तक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की जिम्मेदारी निभाते हुए निगम ने उन्हें अस्थायी आवास उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन ने कहा कि सरकार और निगम का उद्देश्य केवल अवैध कब्जे हटाना नहीं, बल्कि पात्र जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जल्द ही इन परिवारों को स्थायी आवास मिलेंगे।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे, इसके लिए लॉटरी प्रणाली से अस्थायी आवास आबंटित किए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा ताकि परिवार जल्द अपने स्थायी घरों में प्रवेश कर सकें। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, उप अभियंता दीपक देवांगन, पार्षद गिरजा बंछोर, सरिता देवी तथा आवास प्रभारी विद्याधर देवांगन उपस्थित रहे।
===
