
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत सुपेला चौक से चंद्रा मौर्या टॉकीज चौक तक अवैध पार्किंग और बेजा कब्जा जमाए गुमटियों के खिलाफ राजस्व विभाग एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सख्त कार्रवाई की गई।



मुख्य मार्ग पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को होने वाली असुविधा से निजात दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।

सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों, ठेलों और अस्थाई अतिक्रमणों को हटाया गया तथा चेतावनी के बाद भी न हटने वाले सामानों की जब्ती की गई। यातायात बाधित कर रहे नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान जोन-1 सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर, उड़नदस्ता प्रभारी विनय शर्मा, उड़नदस्ता सहायक हरिओम गुप्ता यातायात पुलिस बल और निगम की बेदखली टीम मुस्तैद रही।

निगम प्रशासन ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। भविष्य में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
===
