
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री आवास योजना, निर्माणाधीन सीमेंटीकरण सड़क, पार्किंग, नाली, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



आयुक्त ने सबसे पहले जोन-1 के खम्हरिया स्थित सूर्य विहार प्रधानमंत्री आवास परिसर पहुंचकर सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शीतला वार्ड साकेत नगर, कोहका में निर्माणाधीन सीमेंटीकरण सड़क का अवलोकन कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कोहका एवं वार्ड क्रमांक 13 शीतला पार्षद प्रतिनिधि सुमन सिन्हा एवं कॉलोनी के स्थानीय निवासियों से चर्चा कर जलभराव, सड़क, नाली, पेयजल एवं सफाई संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही वार्ड में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के लिए स्थल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात आयुक्त ने सुपेला घड़ी चौक पहुंचकर पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, रीमा जामुलकर, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, रीमा जामुलकर, दीपक देवांगन एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
===
