जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शहर में लंगर और तकरीर सहित कई आयोजनों की तैयारियां…

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
पैगम्बर हजरत मुहम्मद के जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शहर में 26 अगस्त को सुबह से देर रात तक कई आयोजन होंगे। ईद मिलादुन्नबी को देखते हुए शहर की तमाम मस्जिदों, खानकाहों और मदरसों में रोशनी की गई है। यहां तय वक्त पर परचमे इस्लाम फहराया जाएगा।


वहीं जुलूस-ए-मुहम्मदी भी हर साल की तरह इस साल भी दोपहर में निकलेगा। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह सबील, लंगर और दूसरे इंतजाम अलग-अलग कमेटियों की तरफ से किए गए हैं। जुलूस के बाद शाम को जामा मस्जिद सेक्टर-6 में तकरीर होगी।
शहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी की शुरुआत 26 अगस्त बुधवार को दोपहर 02 बजे गौसिया मस्जिद केम्प-1 के पास से होगी। जुलूस यहां से लिंक रोड से होते हुआ केम्प – 2, रजा जामा मस्जिद दोपहर 02:45 बजे तक पहुंचेगा।
जामा मस्जिद सेक्टर-6 ईदगाह मैदान में मगरिब की नमाज के बाद रहमते आलम कान्फ्रेंस…
वहां से मदरसा रोड – शीतला कॉम्प्लेक्स से नंदिनी रोड, फ्लाई ओवर ब्रिज पार कर शाम 4 बजे मुर्गा चौक पहुंचेगा। हाउसिंग बोर्ड की तरफ से आने वाली अंजुमन फौजी नगर, छावनी चौक, नन्दिनी रोड होते हुए पावर हाउस पहुंचेगी और खुर्सीपार जोन 1/2 व जोन-3 से आने वाली तमाम अन्जुमन पावर हाउस होते हुए 4 बजे तक इक्विपमेंट चौक पहुंचेगी।
फिर जुलूस सेंट्रल एवेन्यू रोड (पंडित रविशंकर शुक्ल मार्ग) से सेक्टर-5 चौक होते हुए शाम 6:00 बजे सेक्टर-6 जामा मस्जिद के ईदगाह मैदान में पहुंचेगा और शाम 6:10 बजे परचम कुशाई होगी। जामा मस्जिद सेक्टर-6 ईदगाह मैदान में मगरिब की नमाज के बाद रहमते आलम कान्फ्रेंस रखी गई है।
जिसमें हसन रजा कादरी कोलकाता की तकरीर होगी। निजामत गुलाम मोहिउद्दीन रजवी करेंगे। वहीं शायरे इस्लाम डॉ. जहीरुद्दीन रहबर सहित तमाम शायर हम्द ओ नात का तोहफा पेश करेंगे। भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के सदर मिर्जा आसिम बेग ने बताया कि जुलूसे मुहम्मदी में डीजे/धमाल को एक राय से मना किया गया है।
इसके साथ ही जुलूस में शामिल होने वालों से अपील की गई है कि हजरत सल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरतों पर अमल करते हुए अच्छे अखलाक व पैगाम पेश करें साथ ही परचम/झंडे लगाते वक्त भी दूसरों के जज्बात का खास ध्यान रखते हुए एहतियात बरतें।
सेक्टर-7 में सुबह निकलेगा जुलूस…
हर साल की तरह इस साल भी सेक्टर-7 में निवासरत मुस्लिम समुदाय की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में जुलूसे मुहम्मदी निकाला जाएगा।
यहां सुबह 8:00 बजे हाजी सैयद अनवर अली के घर स्ट्रीट-19 मदरसे से जुलूस ए मोहम्मदी निकलेगा जो मार्केट से होता हुआ सड़क नंबर 25, 26, 28 से सड़क नंबर 37 और वहां से सड़क-30 पंहुचेगा।
यहां से सड़क 32 से होकर सड़क नंबर 29 से होते हुए सड़क 16 पहुंचेगा और वहां से एवेन्यू से होता हुआ सड़क नंबर 13 ,9 ,8,7 से होकर मदरसा पहुंचेगा उसके बाद वहां परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। इसी तरह ताज दरबार जीई रोड साक्षरता चौक के सामने सुबह 10 बजे परचमे इस्लाम फहराया जाएगा।
===
