विद्यार्थियों और अधिकारियों ने पौधों को रक्षासूत्र बाँधकर लिया संरक्षण का संकल्प…

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
हरित आवरण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आज बोरसीभाठा (दुर्ग) में ’वन महोत्सव 2026’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। वन विभाग दुर्ग वनमंडल द्वारा आयोजित इस महाअभियान के तहत 12 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में कुल 3,500 फलदार एवं छायादार पौधों का विधिवत रोपण किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य विभाग के माननीय मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद विजय बघेल तथा दुर्ग (ग्रामीण) विधायक एवं राज्य ग्रामीण व अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं पौधरोपण कर आमजन से प्रकृति संवर्धन में सक्रिय सहभागी बनने और रोपे गए पौधों के सुरक्षा व देखभाल की भावुक अपील की।

इस हरित अभियान को लेकर स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जूनियर रेडक्रास, भारत स्काउट एवं गाइड, रोवर रेंजर्स के विद्यार्थियों, विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 500 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर एक अनोखी पहल करते हुए भारत स्काउट एवं गाइड दुर्ग की ओर से पौधों की सुरक्षा हेतु रक्षासूत्र उपलब्ध कराए गए, जिन्हें स्कूली बच्चों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नवरोपित पौधों पर बाँधकर उनके संरक्षण का अटूट संकल्प लिया गया।
समारोह में मुख्य वन संरक्षक (दुर्ग वृत्त) एम. मर्सिबेला, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एस.डी.एम. (दुर्ग शहर) प्रफुल्ल गुप्ता, तहसीलदार क्षमा यदु तथा प्रभारी वनमंडलाधिकारी जितेन्दर कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
===
