डेढ़ से दो माह में पूरा होगा निर्माण पोटियाकला वार्ड में 20 लाख की लागत से बन रहा डॉग हाउस एवं एबीसी सेंटर…
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आज लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने निगम अधिकारियों के साथ पोटियाकला वार्ड क्रमांक 54 में निर्माणाधीन डॉग हाउस एवं एबीसी (Animal Birth Control) सेंटर का निरीक्षण किया।
इस दौरान कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उपअभियंता करण यादव, उपअभियंता पंकज साहू एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता उपस्थित रहे।
बधियाकरण के बाद 3 दिन शेल्टर में रखे जाएंगे डॉग उरला में प्रस्तावित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का भी लिया जायजा…




निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पोटियाकला में 20 लाख रुपये की लागत से डॉग हाउस एवं एबीसी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। एबीसी सेंटर में एनिमल बर्थ कंट्रोल के तहत आवारा कुत्तों का बधियाकरण (ऑपरेशन) किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद डॉग को लगभग 3 दिवस तक डॉग शेल्टर में रखा जाएगा, जिसके बाद स्वस्थ होने पर उसी क्षेत्र में पुनः छोड़ा जाएगा।
लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डॉग हाउस एवं एबीसी सेंटर का निर्माण कार्य आगामी डेढ़ से दो माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने उरला वार्ड क्रमांक 57 में प्रस्तावित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (MRF) स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित कार्य एवं निर्माण संबंधी विस्तृत रिपोर्ट मांगी तथा स्थल की आवश्यकताओं और कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कचरा प्रबंधन से जुड़े अधोसंरचना कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है। डॉग हाउस एवं एबीसी सेंटर के शुरू होने से आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने तथा पशु कल्याण की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकेगा। साथ ही मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर के माध्यम से सूखे कचरे के बेहतर प्रबंधन एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलेगा।
===

