वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सकारात्मक सोच और डिजिटल सतर्कता अपनाने का किया आह्वान

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg/Raipur
शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विगत दिवस को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ”Together for Health, Stand with Science” अर्थात “स्वास्थ्य के लिए एक साथ आएं, विज्ञान के साथ खड़े रहें” पर आधारित कार्यशाला में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।




कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कमर तलत के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में किया गया। कार्यशाला के प्रभारी समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अमरनाथ शर्मा रहे। मुख्य व्याख्यान के लिए करियर एवं पेरेंटिंग कोच तथा पुलिस काउंसलर डॉ. आभा शशि कुमार, मनोवैज्ञानिक साधना मौर्य एवं मेजर पूनम चांदनी उपस्थित रहीं।
मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से समय पर परामर्श लेने पर जोर दिया…

विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए तनाव से निपटने, भावनाओं को संतुलित रखने और सकारात्मक सोच विकसित करने के उपाय बताए। उन्होंने मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से समय पर परामर्श लेने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर व्यक्ति चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है।
कार्यशाला के दौरान बोरी थाना के प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल और संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी देने तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले संभावित खतरों के बारे में बताया।
छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव की शपथ भी दिलाई गई…
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन अतिथि सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र डॉ. भारती साहू ने किया।
अंत में अतिथि सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र ओम प्रकाश कौशिक ने उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें मानसिक एवं डिजिटल चुनौतियों का सामना वैज्ञानिक, सकारात्मक और सुरक्षित तरीके से करने के लिए प्रेरित करना रहा।
===
