
The City Report News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
दुर्ग जिले की अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच संतोषी चंद्राकर ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर सीनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
दिनांक 22 नवंबर 2026 को धमतरी में आयोजित सीनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में संतोषी चंद्राकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में 21 से 23 दिसंबर में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि संतोषी चंद्राकर एक अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच हैं और वर्तमान में साइंस कॉलेज, दुर्ग में खिलाड़ियों को कुश्ती का प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। वह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के साथ-साथ स्वयं भी नियमित अभ्यास करती हैं और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
===
