आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा— संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार…

The City Report News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिक निगम भिलाई में संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और उसकी रक्षा का संकल्प लिया गया। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करने की शपथ ली।

इस अवसर पर आयुक्त सुरूचि सिंह ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ ही देश के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का भी बोध कराया है।

उन्होंने कहा कि हम सभी भारतीय एक हैं और संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करते हुए उसकी रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान की गरिमा बनाए रखे तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। संविधान के मूल सिद्धांतों का पालन कर ही एक मजबूत, समृद्ध और लोकतांत्रिक राष्ट्र का निर्माण संभव है।
संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करने तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, तहसीलदार डीकेश्वर साहू, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे एवं येशा लहरे, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
===
