आप के छग प्रभारी संजीव झा ने कांग्रेस व भाजपा के कार्यों पर उठाए सवाल
Thecityreportnews@durg. आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली विधायक संजीव झा मंगलवार को संगठन की समीक्षा एवं विस्तार को लेकर दुर्ग पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चामें कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टियों के कार्यशैली पर जमकर सवाल उठाए, वहीं आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां गिनाई। श्री झा ने कांग्रेस व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल के भाजपा के कुशासन से परेशान होकर छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को सत्तासीन किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कम समय में ही भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले। छत्तीसगढ़ को लूट का अड्डा बना लिया है। सीएम के सचिव की कोल मामले में संलिप्तता उजागर हुई है। भ्रष्टाचार के ऐसे कई और भी मामले हैं। जिस पर राज्य सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सारी योजनाएं फेल है। योजनाओं की आड़ में राज्य सरकार द्वारा किसानों,युवा बेरोजगारों,महिलाओं व गरीब वर्ग के साथ छल किया गया है। आप के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने कहा कि अच्छी शिक्षा, अच्छी स्वास्थ्य, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, किसानों के लिए वैज्ञानिक पद्धति से खेती, युवा बेरोजगारों को रोजगार जैसे मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी।विधानसभा चुनाव में आप से सीएम का चेहरा कौन होगा से जुड़े सवाल के जवाब में श्री झा ने कहा कि छत्तीसगढ़िया व्यक्ति ही सीएम का चेहरा होगा। चुनाव के पहले पार्टी द्वारा सीएम का नाम सार्वजनिक किया जाएगा। टिकट वितरण के लिए सर्वे किया जाएगा। जीतने वाले को ही टिकट दिया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसलिए टिकट वितरण में नए व पुराने कार्यकर्ताओं का बंधन नहीं होगा। जीत ही प्रमुख लक्ष्य होगा। श्री झा ने कहा की दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने 5साल में बड़े-बड़े विकास कार्य किए हैं। मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी और मुफ्त स्वास्थ्य की जांच व दवाई मुक्त दे रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ में यहसुविधाएं अभी भी कोसों दूर नजर आ रही है। क्योंकि कांग्रेस और भाजपा सिर्फ झूठे वादे करती है। दोनों पार्टी छल से वोट लेने की राजनीति में लिप्त है। आप के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने बताया कि 19 मार्च को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। सम्मेलन के बाद ही आप छत्तीसगढ़ में चुनावी गतिविधियों का शंखनाद करेगी। श्री झा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में संगठन का ढांचा तैयार हो चुका है। संगठन को और अधिक मजबूत करने लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। अब तक 23 जिले का दौरा पूर्ण कर चुके हैं। दुर्ग दौरे का 24 वॉ जिला है। जिलों में पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष, सचिव, जिला अध्यक्ष व सचिव की घोषणा की गई है। 455 ब्लॉकों में अध्यक्षों की घोषणा आज की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रमें 5 ब्लॉक बनाए गए हैं। ग्राम इकाई भी तैयार की जा रही है। जिससे संगठन गांव-गांव तक मजबूत होगा । संगठन से स्वयमेव पढ़े लिखे, प्रोफेशनल और आम आदमी जुड़ रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ में परिवर्तन का संकेत है। जिसके लिए आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा से चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल उपेंडी, दुर्ग जिलाध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल, दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष वदूद आलम, महिला विंग की पूर्व प्रदेश सचिव के ज्योति, सीएस बाजवा, सुमित शर्मा, झम्मन देवांगन, रविश सोनी, ओमकार ताम्रकार, शिवशंकर मिश्रा के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
