एक्सरसाइज करने वाले स्थान पर लगाया जा रहा है पेवर ब्लॉक टाइल्स ….

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. पंडित रविशंकर स्टेडियम परिसर के पास स्थित शनिदेव मंदिर के पीछे रिक्त पड़े भूमि पर नगर निगम द्वारा पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने के खिलाफ विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर पहुंचे लोगों ने नगर निगम के इस फैसले पर जमकर विरोध दर्ज करवाया। नियमित एक्सरसाइज के लिए स्टेडियम परिसर पहुंचने वाले पार्षद ओमप्रकाश सेन( राकेश) और पूर्व पार्षद शिव चंद्राकर का कहना था कि स्टेडियम परिसर में शनिदेव मंदिर के ठीक पीछे स्थित भूमि पर शहर के लोग प्रतिदिन एक्सरसाइज करने बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इनमें लकवा के अलावा अन्य शारीरिक बीमारियों से पीड़ित लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे मरीजों को यहां विशेष एक्सरसाइज लंबे समय से करवाया जा रहा है। उक्त स्थल पर पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने से भूमि ठोस हो जाएगी। एक्सरसाइज के लिए नरम भूमि का विशेष महत्व होता है। नरम भूमि वाले जगह में पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने से बीमारियों से पीड़ित लोगों को असुविधा के साथ-साथ एक्सरसाइज का लाभ भी नहीं मिल पाएगा। इसलिए उक्त स्थल पर
पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने का कोई औचित्य नहीं है। पार्षद श्री सेन और पूर्व पार्षद श्री चंद्राकर ने कहा है कि विधायक अरुण वोरा के निर्देश पर यहां पेवर ब्लॉक टाइल्स लगवाया जा रहा है।एक्सरसाइज करने वाले लोगों ने पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने से मना किया था, बावजूद मौके पर निर्माण कार्य के लिए सामग्री गिरा दी गई है। पार्षद श्री सेन व पूर्व पार्षद श्री चंद्राकर ने कहा है कि नगर निगम उक्त क्षेत्र में पेवर ब्लॉक टाइल्स लगाने के आदेश को वापस ले, अन्यथा की स्थिति में उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता अनिल जयसवाल, विनोद देवांगन, लियाकत अली, बहादुर अली, राजेंद्र सिंह चौहान, बसंत साहू, भरत देवांगन, अजय चंद्राकर, ईश्वरी देवांगन, मुकेश यादव, किशोर डकरानी, रमेश कुमार, आसीफ मिर्जा, मनोज दानी, संजय सिंह, शंकर विश्वास, संजय केसवानी, गिरीश नेमा, जग्गी मल्होत्रा, शमा आलम, रंजीता साहू, रत्ना तिवारी के अलावा अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
