पुरानी गंजमंडी गंजपारा दुर्गोत्सव में झांकियां होंगी आकर्षण का केन्द्र, 21 को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन…
Thecityreportnews@दुर्ग. क्वांर नवरात्रि 15 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। जिसे लेकर देवी मंदिरों में विशेष साज-सज्जा के अलावा अन्य तैयारियां की गई है। मंदिर समिति द्वारा परंपरा अनुसार प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं के मनोकामना ज्योत भी प्रज्जवलित किए जा रहे है।
चंडी मंदिर में 2500, शीतला मंदिर बैगापारा 1500, मां सतरुपा शीतला मंदिर सिविल लाईन कसारीडीह में 1501, सत्तीचौरा दुर्गा मंदिर गंजपारा में 400, लंगूरवीर मंदिर शनिचरी बाजार में 151, संतोषी मंदिर गिरधारी नगर में 250, परमेश्वरी मंदिर गयानगर में 40, संतोषी नगर गयानगर में 40 की संख्या में नवरात्र के पहले दिन शुभ मुहूर्त में ज्योत प्रज्जवलित किए जाएंगे।
नवरात्रि को लेकर दुर्ग-भिलाई के दुर्गोत्सव समितियों द्वारा भी मां दुर्गे की भव्य प्रतिमा स्थापना की जोरदार तैयारियां की गई है। नवरात्र में झांकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। दुर्गोत्सव के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके लिए समिति द्वारा भव्य तैयारियां की गई है।
यहां मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापना, आकर्षक झांकी एवं मनमोहक स्थल सजावट आकर्षण का केन्द्र रहेगी। श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा दुर्गोत्सव आयोजन का यह 56वां वर्ष है। समिति द्वारा 15 अक्टूबर को माता की शोभायात्रा के साथ प्रतिमा स्थापना की जाएगी। आम जनमानस को भगवान शंकर के विवाह एवं शिवचरित्र की झांकियां काफी आकर्षित करेगी। आकर्षक स्थल सजावट एवं मनमोहक लाइट सज्जा से पूरा आयोजन स्थल जगमगा उठा है।
दुर्गोत्सव में समिति द्वारा 17 अक्टूबर, रात्रि 8 माता का जगराता कार्यक्र्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज़ अख्तर अपनी प्रस्तुति देगी। इसी प्रकार 18 अक्टूबर रात्रि 8 बजे छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम रंग सरोवर, 19 अक्टूबर रात्रि 8 बजे छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम अंतर्गत छालीवुड अभिनेता अनुज शर्मा प्रस्तुति देंगे।
श्री शर्मा ने बताया कि समिति अपनी परंपरा का निर्वाह करते हुए इस बार भी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित कर रही है। कवि सम्मेलन का आयोजन 21 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे से पुरानी गंजमंडी गंजपारा में किया गया है।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में तेजनारायण शर्मा व्यंग्यकार ग्वालियर,शंभू शिखर हास्य कवि मधूबनी बिहार,गजेंद्र प्रियांशु गीतकार बाराबंकी,हेमंत पांडे हास्य कवि कानपुर,अभय निर्भीक वीर रस अयोध्या, मनिका दुबे श्रंगार रस सिहोरा,श्लेष गौतम गीत गजल प्रयागराज,ज्योति त्रिपाठी वीर रस मुंबई, मयंक शर्मा वीर रस दुर्ग अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। 24 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया है।
