जोगी कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी के अलावा अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों ने भी दाखिल किए नामांकन…

प्रदेशभर में कांग्रेस का माहौल-सीएम भूपेश बघेल, बदला लेने नहीं, बदलाव करने आया हूं- अमित जोगी
Thecityreportnews@दुर्ग. दुर्ग जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के छठवें व अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिले के लिए काफी उत्साह दिखाया। फलस्वरुप नामांकन के लिए निर्धारित अंतिम समय दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिले के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रत्याशियों का रैला लगा रहा है। जिससे दिनभर चुनावी गहमागहमी का माहौल व्याप्त रहा। मुख्यमंत्री और पाटन विस के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र भरा।

इसके अलावा दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू, दुर्ग शहर कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा, भिलाई नगर कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव, वैशाली नगर कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर, अहिवारा कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे द्वारा नामांकन दाखिल किए गए है। नामांकन दाखिले के पहले सीएम ने स्व. चंद्राकर व स्व. वोरा के प्रतिमा स्थल पर की श्रद्धासुमन अर्पित नामांकन दाखिले के पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मालवीय नगर चौक स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. दाऊ वासुदेव चंद्राकर और राजेन्द्र पार्क चौक स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे स्व. मोतीलाल वोरा के प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां उन्होने नेताद्वय को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, तत्पश्चात वे जिले के अन्य कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और सामूहिक रुप से नामांकन दाखिल किया। उनके और जिले के अन्य कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान छत्तीसगढ़ के निवृत्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विशेष रुप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस का माहौल है। इस बार कांग्रेस का 75 पार नारा सही होगी।
पाटन से अमित जोगी के नामांकन दाखिले से राजनीति में मची हलचल

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस(जोगी) के अध्यक्ष अमित जोगी ने पाटन विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। वे नामांकन दाखिले के लिए सोमवार की दोपहर अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। पाटन विस से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस प्रत्याशी है। भाजपा ने सांसद विजय बघेल को प्रत्याशी बनाया है। सीएम भूपेश बघेल के कट्टर विरोधी माने जाने वाले अमित जोगी के चुनाव मैदान में उतरने से पाटन की राजनीतिक बिसात गरमा गई है। पाटन से जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी अमित जोगी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे पाटन में बदला लेने नहीं आए है, बल्कि बदलाव करने आए है। पाटन का यह चुनाव भ्रष्टाचार, परिवारवाद,शराबखोरी से पीड़ित लोगों को लेकर है। मतदाताओं ने 15 साल भाजपा और 5 साल कांग्रेस को देख लिया है। इस बार यहां की जनता नेता नहीं बेटा को चुनेंगी। इसके अलावा वैशाली नगर से सपा प्रत्याशी सूबेदार यादव, भाजपा की बागी संगीता शाह, शंकर साहू, जोगी कांग्रेस से रिती देशलहरे के अलावा अन्य प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र जमा किए गए।
पद्मश्री उषा बारले ने विजय बघेल का दाखिल किया नामांकन

प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले भी कलेक्ट्रेट पहुंची थी। उन्होने पाटन के भाजपा प्रत्याशी सांसद विजय बघेल का नामांकन पत्र जमा किया।
फिल्म पीपली लाईफ के नत्था रहे आकर्षण का केन्द्र

रुपए के स्थान पर एक,दो, पांच व दस रुपए के सिक्कों से नामांकन पत्र खरीदने से चर्चा में आए रामनगर मुक्तिधाम सुपेला में डोम का कार्य करने वाले शंकर साहू ने भी वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिले के लिए वे छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे थे। उनके समर्थन में कलाकार भी कलेक्ट्रेट आए थे। इन कलाकारों में हिन्दी फिल्म पीपली लाईफ में नत्था का रोल करने वाले प्रसिद्ध कलाकार ओमकार दास मानिकपुरी भी शामिल थे। जो पूरे नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट में आकर्षण का केन्द्र रहे। नामांकन भरने आए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों द्वारा कलाकार ओमकारदास मानिकपुरी के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए। कलाकारों की इस टीम में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक कुलेश्वर साहू व अन्य कलाकार शामिल थे।
