लोकतंत्र के इस महापर्व के अवसर पर द सिटी रिपोर्ट न्यूज की अपील…..
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में 7 और 17 नवंबर को अपने कीमती मतों का उपयोग जरूर करें….स्वस्थ्य रहिए,खुश रहिए !!

Thecityreportnews@Durg. आज 7 नवंबर को छत्तीसगढ़ की 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान हो रहा है। इनमें से सबसे हॉट सीट राजनांदगांव और कवर्धा की सीटें है। बस्तर की 12 सीटों पर भी चुनाव पूरे शबाब पर है। पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले इन क्षेत्रों के मतदाताओं के अलावा दूसरे चरण के विधानसभा क्षेत्रों के वोटरों से चुनावी मुद्दों पर चर्चा की गई। मतदाताओं से बातचीत में कई बातें छनकर निकली।
महादेव एप के कर्ताधर्ताओं के माध्यम से छोड़े गए वीडियो बम को शहरी मतदाताओं ने ब्रम्हास्त्र मानने से इंकार कर दिया। मतदाताओं ने साफ कहा कि ये चुनावी स्टंट के सिवा कुछ भी नहीं है। सभी इलाकों में भूपेश बघेल के कार्यों, विशेषकर जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण छत्तीसगढ़ का हर वर्ग खुश है। कका की शानदार इमेज का भी जादू चल रहा है। सबसे बड़ी बात ये है कि ग्रामीण इलाकों मेंं महादेेव एप का कोई मुद्दा ही नहीं है। बस्तर की जिन 12 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, वहां महादेव एप के बारे में एक फीसदी लोग भी नहीं जानते।
शहरी इलाकों में मतदाताओं के कई सवाल है। उनका कहना है कि ईडी की कार्रवाई सिर्फ कांग्रेस शासित राज्यों या भाजपा के विरोधी राज्यों में ही क्यों हो रही है। क्या भाजपा शासित सभी राज्य पाक-साफ तरीके से चल रहे हैं। लोग कर्नाटक का उदाहरण दे रहे हैं। यहां पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में भीषण भ्रष्टाचार हुआ। लेकिन, मोदी सरकार की ईडी ने एक भी छापामार कार्रवाई नहीं की। यहां आम जनता ने चुनाव में भ्रष्टाचार के लिए बदनाम रही भाजपा सरकार की चिंदी उड़ा दी।
इसके ठीक उलट छत्तीसगढ़ की जनता भूपेश कका के कामकाज से बेहद खुश है। लोगों का कहना है कि सरकार की योजनाओं से लोगों को सीधा फायदा हुआ। लेकिन यहां ईडी छापे मार रही है। लोग कांग्रेस के उन आरोपों पर सहमति जताते रहे कि भाजपा नेता सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं और बेवजह सरकार से जुड़े लोगों को परेशान किया जा रहा है।
दुर्ग शहर में कल 6 नवंबर को शाम के समय सीएम भूपेश बघेल का रोड शो हुआ। इसकी रिपोर्टिंग के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर खड़े आम लोगों से बातचीत का सार यही निकला कि शहर के लोग बिजली बिल हाफ, स्वामी आत्मानंद स्कूल और हेल्थ सुविधाओं में इजाफा होने से बेहद खुश हैं। मोबाईल क्लीनिक योजना और धन्वंतरि मेडिकल स्टोर जैसी योजनाओं की भी तारीफ होती रही। सीएम का काफिला पहुंचने पर लोग न सिर्फ कका का अभिवादन करते रहे, बल्कि काफिला गुजरने के बाद कका की तारीफ भी करते रहे।
मतदान से दो दिन पहले महादेव एप के कर्ताधर्ता शुभम सोनी के वायरल वीडियो और देश के बड़े न्यूज चैनलों में दिन भर इसकी खबर चलने पर मतदाताओं ने कहा कि छापे और चुनाव से पहले फेक न्यूज या वीडियो जैसे खुलासों का कोई असर नहीं होगा। छत्तीसगढ़ में कका का जादू चल रहा है … 7 नवंबर को भी यही जादू चलेगा और 17 नवंबर को भी चलेगा।
कुल जमा नतीजा ये है कि महादेव एप के कर्ताधर्ता का वीडियो जारी कर भाजपा इसे बैलेस्टिक मिसाइल मान रही थी। शहरी मतदाताओं का कहना है कि ये मिसाइल नहीं … फुस्सी बम है। चाहे जितने बार माचिस लगा लो … न फटेगा … न फूटेगा … । ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं का कहना है कि – ये छत्तीसगढ़ हे बाबू … इहां कका के ही जादू चलही …
