कांग्रेस से राजेन्द्र साहू का नाम लगभग तय, दीपक दुबे व अन्य की भी दावेदारी…
द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग.
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ में 11 के 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से विजय बघेल को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि पूर्व राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पांडेय को कोरबा लोकसभा क्षेत्र से टिकट दी गई है। इसी प्रकार राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल रायपुर,संतोष पांडेय राजनांदगांव,राधेश्याम राठिया रायगढ़, चिंतामणि महाराज सरगुजा,तोखन साहू बिलासपुर, कमलेश जांगड़े जांजगीर-चांपा,महेश कश्यप बस्तर, भोजराम नाग कांकेर और रुपकुमारी चौधरी महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए गए है। दुर्ग लोकसभा से विजय बघेल दूसरी बार प्रत्याशी बनाए गए है। पिछला चुनाव उन्होने रिकॉर्ड मतों से जीता था।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने में उनका अहम रोल रहा है। अब कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों की सूची का इंतजार है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में जाति समीकरण चुनाव में हमेशा निर्णायक रहा है। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल कुर्मि वर्ग से आते है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से साहू वर्ग को टिकट देकर साहू समाज को साधने का काम कर सकती है। अगर यह संभावना सच हुई तो दुर्ग लोकसभा क्षेत्र ेसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू को टिकट मिलना लगभग तय है। राजनीतिक गलियारों में राजेन्द्र साहू को इस सीट से सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से अन्य कांग्रेस नेता भी टिकट के दौड़ में शामिल है। वे भी टिकट पाने जोर लगाए हुए है।
इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक दुबे की दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से दावेदारी ने सबको चौका दिया है। उन्होने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज को दावेदारी से संबंधित आवेदन भी सौंप दिया है। आवेदन के माध्यम से उन्होने कहा है कि विगत 30 वर्षों से वे कांग्रेस पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूती प्रदान कर रहे हैं। बतौर छात्रसंघ अध्यक्ष शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय दुर्ग (साइंस कॉलेज), अध्यक्ष दुर्ग जिला ग्रामीण युवक कांग्रेस, अध्यक्ष दुर्ग शहर जिला युवक कांग्रेस, प्रभारी भिलाई शहर युवक कांग्रेस का नेतृत्व कर चुके है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व राष्ट्रीय अध्यक्ष युवक कांग्रेस (विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी विभाग) एवं एआईसीसी मेंबर भी रहे हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव,राजनांदगांव लोकसभा कोऑर्डिनेटर के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
