राजेश यादव का ब्लड ग्रुप ओ नेगेटिव है, जिसे बहुत रेयर माना जाता है…
द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग
नगर निगम दुर्ग के सभापति राजेश यादव ने शनिवार को 100वीं बार रक्तदान कर महादान का बड़ा संदेश दिया है। उनका ब्लड गु्रप ओ नेगेटिव है, जिसे बहुत रेयर माना जाता है। सभापति राजेश यादव को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से फोन आया कि अस्पताल में भर्ती जरुरतमंद सिकल सेल के मरीज को ओ नेगेटिव ब्लड की आवश्यकता है। जिस पर श्री यादव ने अपनी सहमति दी और तत्काल वे जिला अस्पताल के ब्लड बैक भी पहुंच गए।
यहां उन्होने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. हेमंत साहू, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण अग्रवाल, रक्तकोष अधिकारी डॉ. नेहा नलवाया, रेडक्रास सोसायटी के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर, प्रशांत डोनगांवकर, सतीशचंद्र सुराना, काउंसलर एंथोनी,नर्स श्रीमती सती, लैब टेक्नोलॉजीस्ट रोशन, लैब इंचार्ज रूपेश, टेक्नीशियन महेन्द्र ,तीरथ, कुसुम, मिनाक्षी, कौशल, हिमांशु की मौजूदगी में रक्तदान किया। चिकित्सा अधिकारियों ने श्री यादव के इस सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।
मालूम हो कि दुर्ग नगर निगम के सभापति राजेश यादव 58 वर्ष के है और वे छात्र जीवन से ही रक्तदान करते आ रहे है। उनके द्वारा शनिवार को 100वीं बार रक्तदान किया गया है। बताया गया है कि सभापति राजेश यादव ने छात्र जीवन में रक्तदान को लेकर कई बड़े अभियान चलाए थे। उनके प्रेरणा से आज भी कई रक्तदाता जरुरतमंदो को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने सक्रिय है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक निर्माण के समय सभापति राजेश यादव छात्र नेता थे। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक निर्माण के लिए आनाकानी किए जाने की बात सामने आ रही थी,तब राजेश यादव अपने साथियों के साथ मुखर हुए और ब्लड बैंक निर्माण में अपना महत्पूर्ण योगदान दिया। जिसका लाभ वर्तमान में जरुरतमंदो को मिल रहा है।
