संभाग आयुक्त कार्यालय के दो कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त…

द सिटी रिपोर्ट न्यूज़@दुर्ग
जिला कार्यालय दुर्ग में स्टेनोग्राफर ग्रेड 01 के पद पर पदस्थापित श्री रियाज अहमद अपनी अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर आज 31 जुलाई 2024 को सेवानिवृत्त हुए। कलेक्टोरेट दुर्ग के सभाकक्ष में श्री रियाज अहमद के सम्मान में कलेक्टोरेट परिवार द्वारा आयोजित सादे समारोह में उन्हें अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भावभिनी बिदाई दी गई। श्री रियाज अहमद अपने 42 वर्ष की सेवा अवधि में दुर्ग जिले में वर्ष 2003 से अनावरत् कलेक्टर दुर्ग के स्टेनो के पद पर 21 वर्ष तक अपनी सेवायें दी है।

समारोह में जिला कार्यालय दुर्ग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी भी सम्मिलित हुए। समारोह में उपस्थित अधिकारी-कर्मचरियों द्वारा सेवानिवृत्त श्री रियाज अहमद को सम्मान स्वरूप पुष्प गुच्छ भेंट किये। एडीएम श्री अरविन्द कुमार एक्का, अपर कलेक्टर श्री बी.के. दुबे, जिला पंचायत के सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी, उप संचालक जिला रोजगार श्री राजकुमार कुर्रे ने श्री रियाज अहमद के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनकी उज्जवल भविष्य की कामना की।

साथ ही उनके कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। सहायक ग्रेड-02 श्री नरसिंग पटेल ने भी अपने वक्तव्य पर श्री रियाज अहमद के कार्यों की प्रशंसा की। सभी वक्ताओं ने जटार क्लब के संचालन में श्री रियाज अहमद की योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उनके कार्यों के आधार पर श्री अहमद के सेवा वृद्धि के लिए शासन स्तर पर हर संभव प्रयास करने की बातें कही। सेवानिवृत्त स्टेनोग्राफर ग्रेड 01 श्री रियाज अहमद को कलेक्टोरेट परिवार की ओर से अपर कलेक्टर द्वय श्री एक्का एवं श्री दुबे ने शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र तथा पेंशन स्वीकृति व जी.पी.एफ. आदेश की प्रति प्रदान किये।

श्री रियाज अहमद ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कार्यों के दौरान सहयोग के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपसंचालक जनसंपर्क विभाग श्री एम.एस. सोरी, उप संचालक समाज कल्याण श्री अमित सिंह परिहार, सीईओ अंत्यावसायी श्री श्यामल दास, उप संचालक योजना एवं सांख्यिकी श्री डी.एस. वर्मा, सहायक संचालक श्री आर. नटेश विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जिला कार्यालय के नाजीर श्री आलोक नारंग और आभार प्रदर्शन श्री ऐश्वर्य देवांगन ने किया।
संभाग आयुक्त कार्यालय के दो कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त

दुर्ग संभाग आयुक्त कार्यालय में पदस्थ दो कर्मचारी आज 31 जुलाई 2024 को अपनी अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इसमें सहायक वर्ग-3 श्री बंशीलाल साहू और सहायक वर्ग-3 श्री रामनारायण सोनी शामिल है। संभाग आयुक्त श्री एस.एन. राठौर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और पेंशन अदायगी आदेश प्रदान किया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
