देश को जुमलों से नहीं, ठोस नीतियों से चलाने की जरूरत है – अरुण वोरा

The City Report News@Durg

मोदी सरकार द्वारा आज पेश किए गए केंद्रीय बजट 2025-26 पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री अरुण वोरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 2025-26 बजट को आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला दस्तावेज़ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पहले लूटा, फिर एहसान जताने चले”।
पिछले 10 वर्षों में सरकार ने मिडिल क्लास से 54.18 लाख करोड़ का इनकम टैक्स वसूला और अब जब चुनाव सामने हैं, तो 12 लाख तक की टैक्स छूट देकर जनता को राहत का दिखावा कर रही है।
“बजट में दिखावा ज्यादा, राहत कम!”

श्री अरुण वोरा ने कहा,”सरकार का दावा है कि टैक्स में छूट से मध्यम वर्ग को सालाना 80,000 की बचत होगी, यानी हर महीने मात्र 6,666! महंगाई के इस दौर में यह राहत नहीं, बल्कि एक मज़ाक है। आम जनता पेट्रोल, गैस, राशन और दवाओं के आसमान छूते दामों से परेशान है, लेकिन सरकार के बजट में उनके लिए कोई राहत नहीं है।”
बजट की 7 बड़ी खामियां
महंगाई और बेरोजगारी पर कोई ठोस कदम नहीं – मोदी सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में विफल रही है, फिर भी बजट में इसका कोई समाधान नहीं है। बेरोजगार युवाओं के लिए कोई नई योजना नहीं लाई गई।
युवाओं के लिए सिर्फ खोखली बातें – स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसी योजनाएं सिर्फ पोस्टर और विज्ञापनों तक सीमित रहीं। नौकरियां कैसे बढ़ेंगी, इस पर कोई रोडमैप नहीं दिया गया।
किसानों को फिर किया नजरअंदाज – न तो किसानों की आय दोगुनी करने का कोई रोडमैप है, न ही खेती के सामान पर GST में कोई राहत दी गई है। किसानों के नाम पर घोषणाएं तो हैं, लेकिन ज़मीन पर कुछ नहीं।
महिलाओं को फिर छलावे का शिकार बनाया – मोदी जी ने वादा किया था कि इस बार महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान होगा, लेकिन बजट में ऐसा कुछ नहीं मिला। यह बजट महिलाओं की सशक्तिकरण की बात करने के बजाय उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझता है।
गरीबों, दलितों, आदिवासियों के लिए कुछ नहीं – शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति और सामाजिक योजनाओं के बजट में कोई ठोस बढ़ोतरी नहीं की गई।
MGNREGA का बजट जस का तस – महंगाई और गिरते रोजगार के बावजूद मनरेगा में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई, जिससे ग्रामीण इलाकों में गरीबों की हालत और बिगड़ेगी।
“Make in India” का नाम बदलकर किया छलावा – सरकार ने Make in India को नया नाम देकर “National Manufacturing Mission” बना दिया, लेकिन नई योजना के नाम पर कुछ नहीं दिया।
“जनता अब जुमलों में नहीं फंसने वाली” – अरुण वोरा
श्री अरुण वोरा ने कहा, “मोदी सरकार की नीतियां सिर्फ अमीरों को फायदा पहुंचाने के लिए बनी हैं। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी इस बजट में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यह सरकार चुनाव से पहले जनता को सपने दिखाती है और चुनाव के बाद उन सपनों को तोड़ देती है।”
===
