
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
शिक्षक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने प्रदेश एवं देश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं।
वोरा ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर मनाया जाने वाला शिक्षक दिवस हमें शिक्षा के महत्व और गुरु-शिष्य परंपरा की महानता की याद दिलाता है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की गुणवत्ता पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में शिक्षकों के सामने नई चुनौतियां हैं।
तकनीक और आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सरकार और समाज का दायित्व है कि शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण, आवश्यक संसाधन और सम्मान मिले।
अरुण वोरा ने कहा, “एक शिक्षक अपने ज्ञान से सिर्फ एक विद्यार्थी का भविष्य नहीं बनाता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की दिशा तय करता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। वोरा ने शिक्षक दिवस पर सभी गुरुजनों को सादर नमन करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
===
