वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर मूलभूत सुविधा, तीन विकास कार्यों को मिली गति…

The CityReport News@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 41 केलाबाड़ी में विभिन्न विकास कार्यों का आज भूमि पूजन किया गया। महापौर श्रीमती अलका बाघमार के निर्देश पर लोक कर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने पार्षद रुबीना हमीद खोखर, एल्डरमेन गौरव शर्मा, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू,उप अभियन्ता भारती ठाकुर एवं वार्डवासियों की मौजूदगी में तीन विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया।



इन कार्यों में दानी के घर से भैसासुर मंदिर तथा अशरफिया स्कूल के पीछे से सोनी जी के घर से यादव के घर तक नाली एवं पुलिया निर्माण के लिए 8.25 लाख रुपये, रजा खोखर के घर के पास नाली एवं सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा नया मस्जिद से फिरोज राठौर के घर तक नाली एवं सड़क निर्माण के लिए 9 लाख रुपये की लागत स्वीकृत है। इन तीनों कार्यों की कुल लागत 22.25 लाख रुपये है।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने कहा कि वार्डों में नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली एवं पुलिया निर्माण सहित आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से वार्डवासियों को आवागमन एवं जल निकासी की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद रुबीना हमीद खोखर सहित वार्ड के नागरिकों ने विकास कार्यों की स्वीकृति एवं भूमि पूजन के लिए नगर निगम प्रशासन एवं लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर का आभार व्यक्त किया।
===
