समाज के लोगों ने सर्वप्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी….

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एमडी ठाकुर,सचिव सीताराम ठाकुर,जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर,कार्यालय सचिव पन्नालाल नेताम, दुष्यंत सॉरी महिला विंग प्रमुख यशेश्वरी ध्रुव, बेमेतरा जिला अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर,नागेश मैडम सहित गोंडवाना समाज के विशालजन समूह ने विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया। गोंडवाना भवन सिविल लाइन में एकत्रित समाज के लोगों ने सर्वप्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उसके पश्चात एक विशाल रैली शहर के मुख्य मार्गो पर निकाली गई।
रैली का शुभारंभ गोंडवाना समाज के प्रदेश अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने किया,गोंडवाना भवन से प्रारंभ होकर रैली सिविल लाइन चौक स्थित रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल पहुंची,वहां समाज प्रमुखों ने रानी दुर्गावती की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पूरा वातावरण रानी दुर्गावती अमर रहे, जय बुढादेव,के नारों से गूंज उठा..
रैली में लोगों का अपार उत्साह देखते ही बन रहा था।आदिवासी परंपरागत आदिवासी नृत्य, आदिवासी वेशभूषा में पुरुष और महिलाएं,आदिवासी छात्रावास की कन्याएं ,उनका नृत्य देखते ही बन रहा था.
यहां से रैली गौरव पथ में आगे बढ़ते हुए गांधी प्रतिमा स्थल पहुंची । यहां विधायक अरुण वोरा,महापौर धीरज बाकलीवाल एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू प्रदेश प्रतिनिधि पीसीसी देवेश मिश्रा ने भी आदिवासी समाज की इस रैली में शामिल होकर आदिवासी नृत्य किया,जोकि विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विधायक अरुण वोरा ने कहा कि आदिवासी समाज पूरे विश्व में अपने ईमानदारी, वीरता, बलिदान और त्याग के लिए प्रसिद्ध है।इस समाज ने पूरे विश्व को प्रकृति से जुड़कर हमेशा जनकल्याण करते रहने,वन पर्यावरण पशु पक्षी जीव वन्य प्राणी की रक्षा करने की प्रेरणा दी है। आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मैं आप सभी आदिवासी परिवार को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
केंद्रीय गोंड महासभा अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने समाज के लोगों सदैव मिलजुल कर रहने और समाज हित में देश हित में कार्य करते रहने की बात कही।उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सदैव सब का हित करता आया है।हमें अपनी संस्कृति,परंपरा,रीति रिवाज रहन-सहन पर गर्व है,और हम इससे कतई समझौता नहीं करेंगे।आदिवासी समाज के विरुद्ध किसी भी प्रकार की बातें या कार्यकलाप बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धर्मांतरण का पुरजोर विरोध हमारा समाज करता है। धर्मांतरण करने वालों के लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है।
गांधी प्रतिमा स्थल से रैली नया बस स्टैंड स्थित शहीद वीर नारायण की नवनिर्मित प्रतिमा स्थल पर पहुंची यहां शहीद वीर नारायण की छायाचित्र पर पूजा अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।ज्ञात हो कि शहीद नारायण की प्रतिमा का लोकार्पण अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री के हाथों होना प्रस्तावित है ।
यहां से आदिवासी समाज की यह रैली राजेंद्र पार्क चौक एसपी बंगला के सामने से लोक कला पथ होते हुए वापस गोंडवाना भवन पहुंची ।
इस दौरान विज्ञान विकास केंद्र मैं रैली का भव्य स्वागत किया गया यहां पर हॉस्टल की छात्राओं ने भी आदिवासी नृत्य का आनंद लिया। गोंडवाना भवन पहुंचने पर यह रैली एक सभा में तब्दील हो गई।सभा में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सभी ने एक दूसरे को बधाई दी और लगातार समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं दूसरी कार्यक्रम में प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया गया ।
