एक दर्जन से अधिक प्रत्याशियों ने लिया नामांकन पत्र, लेकिन जमा करने नही दिखाया उत्साह…

Thecityreportnews@दुर्ग. जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही शनिवार से कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हुई। पहला नामांकन पत्र दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से छत्तीसगढ़ सेन समाज के पूर्व अध्यक्ष विनोद सेन ने खरीदा।

इसके अलावा अहिवारा विस क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे,दुर्ग ग्रामीण विस कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू, भिलाई नगर विस कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से आप प्रत्याशी संजीत चक्रवर्ती, वैशाली नगर विस क्षेत्र से जयप्रकाश यादव, छोटेलाल चौधरी के अलावा एक दर्जन से अधिक प्रत्याशियों के नाम उनके समर्थकों द्वारा नामांकन पत्र खरीदे गए है।

नामांकन पत्र प्राप्त करने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे और दुर्ग ग्रामीण विस के आप प्रत्याशी संजीत चक्रवर्ती स्वयं कलेक्ट्रट पहुंचे थे। इसके अलावा दुर्ग ग्रामीण विस के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू के लिए कांग्रेस नेता बंटी हरमुख और भिलाई नगर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव के लिए उनके बड़े भाई धर्मेन्द्र यादव ने नामांकन पत्र प्राप्त किया।

प्रत्याशियों के नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित माईनिंग विभाग में व्यवस्था की गई है। नामांकन पत्र हेतु सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लिए 10 हजार रुपए और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रत्याशियों के लिए 5 हजार रुपए राशि निर्धारित की गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। नामांकन की अंतिम तिथि जैसे-जैसे नजदीक आएगी वैसे-वैसे प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिले को लेकर उत्साह दिखाया जाएगा।
30 अक्टूबर तक नामांकन पत्र प्राप्त व जमा किए जा सकेंगे तथा 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, वहीं 02 नवंबर को अभ्यर्थी नाम वापस ले पाएंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत दुर्ग जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव संबंधी कार्यवाहियां की जा रही है। जारी अधिसूचना के अनुसार विधानसभा क्षेत्र क्रं. 62 पाटन, 63 दुर्ग ग्रामीण, 64 दुर्ग शहर, 65 भिलाई नगर, 66 वैशाली नगर तथा विधानसभा क्षेत्र क्रं. 67 अहिवारा के विधानसभा चुनाव के अभ्यर्थी से आगामी 30 अक्टूबर (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) तक नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
नामांकन पत्र प्राप्त करने कलेक्ट्रेट में अलग-अलग कक्षों में व्यवस्था की गई है। नामांकन प्रक्रिया को लेकर कलेक्ट्रट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए गए है। मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस अधिकारियों व जवानों की तैनाती गई है। सुरक्षा को लेकर तीन लेयर की बेरीकेटिंग की गई है।
नामांकन कक्ष में किसी भी प्रत्याशी को स्वयं सहित 5 लोगों को प्रवेश की अनुमति रहेगी। पार्किंग के लिए कलेक्ट्रेट के पीछे एवं कलेक्ट्रेट परिसर के सामने शताब्दी गार्डन में व्यवस्था की गई है। प्रत्याशियों एवं उनके साथ आने वाले समर्थकों पर तीसरी आंख की नजर रहेगी।
कई जगहों में सीसीटीवी कैमरा लगाए गए है।नामांकन के दौरान कई प्रत्याशी अपने समर्थकों को लेकर लाव लश्कर के साथ तामझाम से नाम निर्देशन पत्र जमा करने पहुंचते हैं। इससे प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के दौरान कितना खर्च किया गया। इसका भी आंकलन किया जा सकता है। नामांकन के दौरान नामांकन स्थल के सौ मीटर की परिधि में प्रत्याशियों को केवल 3 वाहन ले जाने की अनुमति रहेगी।
